212 संकल्पों को सरकार ने पूरा किया-योगी

2017 में किए गए सभी 212 संकल्पों को सरकार ने पूरा किया यूपी में पूरब से पश्चिम तक भाजपा को मिल रहा प्रचंड जनसमर्थन योगी ने किया भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया सेंटर का उद्घाटन

हिमांशु दुबे

गोरखपुर। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सानिध्य में लोक कल्याण के जो 212 संकल्प लिए थे, पांच वर्ष के दौरान एक-एक कर उन सभी को मंत्र मानकर पूरा किया।यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत बनाए गए भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया सेंटर के शुभारंभ के अवसर पर कहीं।उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में भाजपा सरकार ने सुरक्षा, महिला कल्याण, अन्नदाता किसानों के उन्नयन, नौजवानों को रोजगार, गांवों व शहरों के समग्र विकास, गरीबों के कल्याण की योजनाओं को धरातल पर मूर्त रूप प्रदान किया है। इसका परिणाम भी देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार के कार्यों के चलते पूरे प्रदेश में चाहे वह पूरब हो या पश्चिम, जनता का भारी समर्थन और आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शंखध्वनि व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहे।

यूपी में अब नहीं होती भूख से कोई मौत-

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मार्च 2017 के पहले भूख से गरीबों की मौत आम बात मानी जाती थी। कुशीनगर और महराजगंज के मुसहर भूख से मरने के लिए अभिशप्त थे। जनवरी 2017 में भी कुशीनगर में मुसहरों की भूख से मौत हुई थी। अपना संसदीय क्षेत्र न होने के बावजूद मैंने वहां जाकर भूख से तड़प रहे लोगों की पीड़ा को महसूस किया था, उनके लिए आवाज उठाई थी। आज भाजपा सरकार ने उनके कल्याण की ऐसी व्यवस्था कर दी है कि न सिर्फ मुसहर बल्कि पूरे यूपी में किसी की मौत भूख के कारण नहीं होती है। सीएम ने कहा विगत एक हजार सालों में जितनी भी महामारियां आईं, उनमें बीमारी से कई गुना अधिक मौतें भूख के चलते हुईं। पर, सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सफल प्रबंधन से यूपी में किसी की भी जान भूख के कारण नहीं गई। डबल इंजन सरकार प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को राशन का डबल डोज दे रही है।

गरीब कल्याण को समर्पित है सरकार-

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार ने बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं व दिव्यांगों का पेंशन बंद कर अपने कैडर के कार्यकर्ताओं को दे दिया था। हमारी सरकार आई तो पूछा कि समाजवादी पेंशन पाने वालों का समाज मे योगदान क्या है। यह स्पष्ट कर दिया कि थानों की दलाली करने वालों, तहसीलों को गिरवी रखने वालों को गरीबों का निवाला नहीं खाने दिया जाएगा।


सैफई में लुटाया जाता था प्रदेश का खजाना-

सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश का खजाना सैफई में महोत्सव के नाम पर लुटाया जाता था। अब यूपी में स्थापना दिवस का समारोह विकास की गाथा प्रस्तुत करता है। अयोध्या के दीपोत्सव, वृंदावन-बरसाना के रंगोत्सव, काशी की देव दीपावली और प्रयागराज का भव्य-दिव्य कुम्भ प्रदेश की पहचान बन पर्यटन और विकास का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में रोजगार की चर्चा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बीते पांच साल में पांच लाख नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी हैं जबकि सपा, बसपा की सरकारों में दस साल में मिलकर सिर्फ 1.90 लाख सरकारी नौकरी दी थी। वह भी पैसे के लेनदेन से। सुरक्षा का माहौल बनने से निजी क्षेत्र में व्यापक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार सृजित हुए हैं।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया मीडिया सेंटर का उद्घाटन-
क्षेत्रीय मीडिया सेंटर के उद्घाटन में राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, राकेश त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button