योगी सरकार ने युवाओं के ऊपर जुल्म,ज्यादती और अत्याचार किया -अजय लल्लू

योगी सरकार ने युवाओं के ऊपर जुल्म, ज्यादती और अत्याचार किया।योगी सरकार में भय, भूख और भ्रष्टाचार उत्तर प्रदेश की पहचान बन गया।किसानों के पैसों का बंदरबांट हुआ, घोटाले होते रहे, मंत्री पदासीन रहे, ट्रस्ट के नाम पर लूट हुई, लेकिन योगी सरकार सोती रही।

कृष्णकांत पाण्डेय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आज शाम फेसबुक लाइव के जरिए योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि योगी राज में यूपी भय, भूख और भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया है। योगी सरकार ने युवाओं के ऊपर जुल्म, ज्यादती और अत्याचार करने का काम किया है। नौजवान बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। 69,000 शिक्षकों की भर्ती में इसी सरकार ने दलित, पिछड़ों, नौजवानों के साथ धोखा किया।उन्होंने कहा कि अनेक भर्तियों में गड़बड़ियों के चलते या तो नौजवान कोर्ट के चक्कर काट रहा है या फिर सड़कों पर आंदोलन कर रहा है, लाठी खा रहा है, जेल जा रहा है। टीईटी की परीक्षा में 21 लाख से अधिक नौजवान परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य जगहों पर रात गुजारी। सवेरे सेंटरों पर परीक्षा देने के बाद उन्हें पता चला कि पेपर आउट हो गया। नौजवान हताश हुआ, परेशान हुआ और पेपर आउट होने के नाते लगातार उपेक्षा, सरकार द्वारा की जा रही ठगी, धोखे ने युवाओं के अंतर्मन पर चोट पहुंचाई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, दारोगा भर्ती का नौजवान हो, चाहे सिपाही, पीएससी भर्ती का हो, लेखपाल भर्ती का हो, सहायक अभियंता हों, तमाम भर्तियों के नौजवान, संविदा पर काम करने वाले नौजवान धरने पर हैं। सरकार ने उनके साथ भद्दा मजाक और विश्वासघात करने का काम किया है।योगी सरकार ने अपने घोषणा पत्र में 14 लाख रोजगार हर साल देने की बात की थी। लेकिन योगी सरकार ने सिर्फ प्रचार, विज्ञापन, होर्डिंग, बैनर, टीवी मैनेजमेंट के अलावा रोजगार देने का कोई काम नहीं किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूबे के किसान हताश, निराश, परेशान है। बुंदेलखंड का किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है, पश्चिम का किसान, आलू उत्पादक किसान, धान-मक्का का किसान, गन्ना उत्पादक किसान परेशान है। उनके लिए सरकार ने कुछ नहीं किया, उन्हें बिचौलियों ने लूटा है। किसानों ने जब विरोध किया, आंदोलन किया, तीन काले कानूनों का विरोध किया तब सरकार ने उनके दमन का काम किया। आदरणीय राहुल गाँधी जी, प्रियंका गाँधी जी ने किसानों का साथ दिया, उनके साथ खड़े रहे। लखीमपुर की घटना कौन भूलेगा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को गाड़ी से कुचल दिया, सरकार ने उसका संरक्षण किया, बचाया। जब आदरणीय प्रियंका गाँधी जी जाती हैं, तो सरकार दमन करती है। लेकिन हम सबके प्रयासों ने किसानों को न्याय दिलाने का काम किया, और अंत में सरकार को माफ़ी मांगनी पड़ी। इसी सरकार में सैकड़ों की मौत पुलिस कस्टडी में हुई है। किसानों के पैसों की बंदरबांट हुई, घोटाले होते रहे, मंत्री पदासीन रहे, ट्रस्ट के नाम पर लूट हुई, लेकिन योगी सरकार सोती रही। ट्रस्ट के नाम पर दलितों की जमीन को लूटा गया। सरकार ने एसआईटी बनाकर पल्ला झाड़ लिया। श्रीमती प्रियंका गाँधी जी और पूरी कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में दलित, पिछड़ों, शोषित, पीड़ित पक्ष के साथ खड़ी रही। कोरोना काल में जब लोग उस चिलचिलाती धूप में पैदल जा रहे थे, मैं एक हजार बस लेकर गया, लेकिन इस सरकार ने मुझे जेल भेज दिया। इस सरकार ने मेरे ऊपर 100 से अधिक मुक़दमे लिखे।

उत्तर प्रदेश में उद्योग, लघुउद्योग समाप्त हो गया है। आप देख सकते हैं, फिरोजाबाद का कांच का उद्योग ख़त्म होने की कगार पर है। मुरादाबाद का पीतल का उद्योग ख़त्म हो गया, हजारों करोड़ का कारोबार कुछ सौ करोड़ में सिमट गया है। चीनी, लकड़ी, कपड़ा उद्योग समाप्ति की कगार पर है। आगरा और कानपुर का चमड़ा कोलकाता चला गया लेकिन इसके बारे में योगी सरकार ने कहीं भी उन लोगों का कोई सहयोग नहीं किया, ताकि वह संभल सकें। लेकिन अब इस सरकार को सत्ता से हटाने का समय आ गया है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि जनादेश के माध्यम से पूरे प्रदेश में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को वोट दें, ताकि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, भाजपा के द्वारा हुई लूट को बंद किया जा सके और एक समेकित विकास करने वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button