प्रदेश में गठबंधन के पक्ष में हवा

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के पहले चरण से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी गठबंधन के पक्ष में हवा चल रही है। हर तरफ जनता का समर्थन उमड़ रहा है। इसी से भाजपा के लोग और मुख्यमंत्री जी परेशान हैं। उनको समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। इसीलिए उनकी भाषा बदल गई है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री गर्मी की बात कर रहे हैं और हम भरोसा दिलाते हैं कि गठबंधन की सरकार बनेगी तो गर्मी नहीं नौजवानों को नौकरी देने के लिए भर्ती निकाली जाएगी। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री क्या फ्रिज का कंप्रेसर हैं, जो चीजों को ठंडा कर देते हैं।यह चुनाव भाईचारा बनाम भाजपा है। जिस तरह का ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है, उससे तय है कि इस बार ऐतिहासिक जीत भी होने जा रही है। नई सरकार आने वाली है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम लोगों ने जो घोषणाएं की है उसे पूरा करेंगे। घरेलू बिजली 300 यूनिट फ्री करेंगे, सिंचाई मुफ्त होगी, पुरानी पेंशन की बहाली होगी। डायल हंड्रेड सिस्टम को और मजबूत करेंगे। कानून व्यवस्था को सख्त बनाएंगे।  

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव एवं राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी ने आज संयुक्त रूप से बुलंद शहर एवं गौतमबुद्ध नगर जनपदों का दौरा किया। समाजवादी विजय रथ से दोनों नेताओं ने स्याना, अनूप शहर, शिकारपुर, सिकंदराबाद, खुर्जा, नोएडा विधानसभा क्षेत्रों में सघन जनसम्पर्क भी किया।बुलन्दशहर में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल की संयुक्त प्रेसवार्ता को श्री अखिलेश यादव एवं श्री जयंत चौधरी ने सम्बोधित करते हुए गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि वह हर बूथ पर भाजपा को हराने का काम करें। इस बार गठबंधन की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा है कि बुलंदशहर की घटना आज पूरे यूपी को चिंतित कर रही है, लेकिन सरकार कहती है कि 12 बजे तक बेटी कही भी जाएगी वो सुरक्षित रहेगी। लेकिन आज जो घटना हुई वो हाथरस की घटना को याद दिलाती है।वहीं बुलंदशहर में जघन्य अपराध हुआ है और सरकार अभी तक मदद के लिए नहीं आई। हमारी मांग है दोषी जल्दी पकड़े जाएं और कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो। भाजपा को महिला सुरक्षा के दावों को बंद कर देना चाहिए। अपराध के आंकड़ों में यूपी ने कई राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। सरकार झूठ बोलना छोड़े।
 
    आज महंगाई बढ़ गई है और कमाई आधी हो गई है। भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल महंगा कर दिया किसानों को खाद नहीं मिला। किसान को किसी फसल की एमएसपी नहीं मिली। लखीमपुर में किसानों को जीप से कुचल दिया गया। किसान इसे भूले नहीं हैं।भाजपा सरकार ने नौकरियां छीनी है, लोगों को बड़ी संख्या में बेरोजगार किया है। हम नौजवानों से अपील करते हैं कि वह हर बूथ पर भाजपा को हराने का काम करें। उत्तर प्रदेश में विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में नौकरियां खाली हैं। समाजवादी गठबंधन की सरकार बनने पर सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने केंद्रीय बजट में किसानों के साथ धोखा किया है, ऐसा बजट पहली बार आया है, जिसमें गरीब और किसान को कुछ भी नहीं महसूस हो रहा है। भाजपा सरकार ने अपनी गलत नीतियों से बड़े-बड़े कारखाने बेचकर उद्योग, कारखानों को चौपट कर दिया है। यह किसानों की सरकार नहीं है।
   
  अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का गुजराती मॉडल धोखा था, इनका विज्ञापन झूठ और धोखा है। मुख्यमंत्री जानते हैं कि अब वह जा रहे हैं। उन्हें अपनी चिंता करनी चाहिए। भाजपा का घमंड और अहंकार इस चुनाव में टूटने जा रहा है। जनता भाजपा का सफाया करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को नुकसान पहुंचाया है। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। मैं अंबेडकरवादियों से अपील करता हूं कि वह इस लड़ाई में समाजवादियों के साथ आए और इसे मजबूत बनाएं। संविधान को बचाएं।श्री यादव ने कहा कि मैं तो मिलिट्री स्कूल का पढा हूं, मेरे साथ के बहुत साथी फौज में है और सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं। हमने कारगिल युद्ध में बड़ी लड़ाई लड़ने वाले और सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले योगेंद्र यादव के गांव में 100 बेड का हॉस्पिटल दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस काम को क्यों रोक दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि असल देशभक्त तो हम लोग हैं। सभी को साथ लेकर चलते हैं और सब का सम्मान करते हैं। जो नफरत फैलाए, समाज में खाई पैदा करें और लोगों में झगड़ा लगाए वह कैसा देशभक्त है?


   राश्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय लोक दल श्री जयंत चौधरी ने कहा है कि गठबंधन के प्रति लोगों का भरोसा और विश्वास बढ़ा है। हमारी बीच की एकता से किसान नौजवान और कमेरा वर्ग में उम्मीद जगी है। इससे भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। मुख्यमंत्री योगी जी और अन्य नेता बौखलाए हुए हैं। इसीलिए इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा होती है। हमने किसी भी मुख्यमंत्री से इस तरह की भाषा कभी नहीं सुनी थी। जयंत चौधरी ने कहा कि बुलंदशहर किसान आंदोलन का क्षेत्र है। देश की सीमाओं की रक्षा के लिए यहां के घर घर से जवान सीमा पर तैनात हैं। हम लोग देश की रक्षा करते हैं, देश पर जान न्योछावर करने के लिए तैयार रहते हैं, इसीलिए हमारा खून भी गर्म है।श्री चौधरी ने कहा कि योगी जी क्षेत्र के मिजाज को नहीं समझ पाए हैं। वह हमें जितना धमकाएंगे, हम लोग उतने ही संगठित होंगे और ताकतवर होंगे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मुद्दा साफ है। नौजवानों को नौकरी दिलानी है, अस्पतालों को बेहतर करना है, शिक्षा व्यवस्था को सुधारना है। गठबंधन सरकार गरीब और किसान वर्ग के उत्थान के लिए काम करेगी। गन्ने का समय पर भुगतान कराएगी, कानून व्यवस्था को सख्त करने का काम किया जाएगा। श्री जयंत चौधरी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ अत्याचार और अन्याय किया है। सड़क पर कील लगवाई। अवरोध खड़े किए। लेकिन हमारे किसान मजबूत इरादों वाले है। वह भाजपा सरकार के अत्याचार को कभी नहीं भूल सकते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button