क्या राज बब्बर सपा में करेंगे वापसी..?

कांग्रेस के इस बुरे समय में क्या राज बब्बर भी छोड़ देंगे साथ,सपा में वापसी की चर्चा हुई तेज।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है।पार्टी के दिग्गज नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद राकेश सचान ने भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है।अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के भी घर वापसी की चर्चाएं तेज हैं।चुनावी दंगल से पहले कांग्रेस को अभी और कितनी परीक्षाएं देनी होंगी इसका उत्तर खोजने से नहीं मिल रहा है। कांग्रेस का एक के बाद एक कई बड़े नेता इस बुरे समय में साथ छोड़ रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कू पर इशारा करते हुए लिखा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व समाजवादी नेता, अभिनेता जल्दी ही समाजवादी होंगे।
फखरूल ने जो तीन इशारे किए हैं वे सभी राज बब्बर की तरफ इशारा कर रहे हैं।ऐसे में राज बब्बर के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि कांग्रेस में 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से ही वह साइडलाइन चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में जब से कांग्रेस की कमान प्रियंका गांधी ने अपने हाथों में ली है,तभी से राज बब्बर सक्रिय नहीं हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद ही राज बब्बर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।राज बब्बर इसके बाद से कांग्रेस के किसी भी कार्यक्रम में नजर नहीं आए हैं। कांग्रेस के जी-23 नेताओं में राज बब्बर का भी नाम है।आपको बता दें कि राज बब्बर ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत जनता दल के साथ की थी।राज बब्बर पांच साल तक जनता दल में रहे और फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये। सपा ने राज बब्बर को 1994 में राज्यसभा भेजा और 2004 में सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे। राज बब्बर का 2006 में सपा से मोहभंग हो गया और 2008 में कांग्रेस में शामिल हो गए।

कांग्रेस ने राज बब्बर को 2009 में फिरोजाबाद सीट पर चुनाव लड़ाया।राज बब्बर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। कांग्रेस ने राज बब्बर को गाजियाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार जनरल वीके सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।अब तक का अगर आंकड़ा देखा जाए तो राज बब्बर का फिल्मी और राजनीतिक कैरियर सफल रहा है। राज बब्बर उत्तर प्रदेश के टूंडला के रहने वाले हैं और बॉलीवुड में 250 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।अपने जमाने के सुपरस्टार रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button