- पहली बार भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था से गिरकर छठी अर्थव्यवस्था पर पहुँची।
- पूरे देश में 90 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए।
- भाजपा सरकार ने लोगों के हाथ से काम छीनकर राशन के झोले पकड़ा दिये।
- भारत प्रतिव्यक्ति आय में आज अपने पड़ोसी बंगलादेश से भी नीचे।
- महंगाई से आम जनता में हाहाकार।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश एवं केन्द्र सरकार आज केन्द्र सरकार के 12 वर्ष बेमिसाल पूरे देश में मना रही है परन्तु यह बात समझ के बाहर है कि इन 12 वर्षों में मोदी सरकार के पास दिखाने के लिए ऐसी कौन सी उपलब्धि और कार्य हैं जो वह दिखाने के लिए जश्न मना रहे हैं। वास्तविकता यह है कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी-पूर्व मंत्री ने आज जारी बयान में कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के यह 12 साल याद किए जायेंगे एक भ्रष्ट सरकार के रूप में, जिसमें नौजवानों को एक ऐसी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था प्रदान की जहां पूरे देश में 90 से अधिक पेपर लीक हुए हैं और जिसमें से सिर्फ उ0प्र0 में ही दो दर्जन से अधिक प्रतियोगी परीक्षाएं लीक हुईं। कोई भी प्रतियोगी परीक्षा सकुशल सम्पन्न नहीं करा पाये। इसके साथ ही यह 12 वर्ष शिक्षा के जगत में बेमिसाल हैं जहां सीबीएससी जैसे एक प्रतिष्ठित तंत्र को भी पूरी तरह से भ्रष्टाचार में ढकेल दिया गया।
अजय राय ने कहा कि यह 12 साल बेमिसाल हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था जहां 80 करोड़ जनता लाइन लगाकर 5 किलो राशन प्राप्त कर रही है जिसमें उ0प्र0 से ही 16 करोड़ लोग शामिल हैं। इस भाजपा सरकार ने लोगों के हाथ से काम छीनकर राशन के झोले पकड़ा दिये हैं। यह 12 वर्ष बेमिसाल हैं जब भारत वैश्विक भुखमरी सूचकांक में लगातार नीचे गिरती जा रही है। यह 12 वर्ष बेमिसाल हैं देश में बेरोजगारी के लिए भाजपा के झूठे वादों के लिए, जो 2 करोड़ नौकरी प्रतिवर्ष देने के वादे के साथ आये थे आज भारत में बेरोजगारी पिछले 40 वर्ष के उच्चतम स्तर पर है। यह 12 वर्ष बेमिसाल हैं जब पहली बार भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था से गिरकर छठी अर्थव्यवस्था पर पहंुच गयी। यह पिछले 12 साल का बेमिसाल कार्य है जब हमारी अर्थव्यवस्था नीचे की तरफ चल रही है। यह 12 वर्ष बेमिसाल हैं जब रिजर्व बैंक आफं इण्डिया पर यह आरोप है कि उन्होने 12 बिलियन डालर का सोना बेंच दिया जो पूर्व में कभी नहीं हुआ। भारत में प्रतिव्यक्ति आय आज अपने पड़ोसी बंगलादेश से भी नीचे चली गयी। यह भी 12 वर्ष बेमिसाल की ही देन है।
यह 12 वर्ष बेमिसाल है भारत की विदेश नीति के लिए जहां भारत की सम्प्रभुता को अमेरिका के आगे झुकते हुए देखा गया। आज भारत के फैसले अमेरिका के द्वारा किए जाते हैं कि भारत पाकिस्तान पर आक्रमण करेगा कि नहीं करेगा और कब संधि करेगा। यह 12 वर्ष बेमिसाल हैं जब भारत की विदेश नीति इतनी कमजोर हो गई कि जिस पाकिस्तान को कांग्रेस ने पूरे विश्व में अलग थलग कर दिया था आज वह कूटनीति में भारत से आगे दिखाई दे रहा है।
यह 12 साल बेमिसाल हैं जब देश की संवैधानिक संस्थाएं सरकार के द्वार पर खड़ी हैं और अपनी निष्पक्षता तथा विश्वास पूरी तरह से खो चुकी हैं। लोकतंत्र नाम की चीज नहीं बची। आज महंगाई अपने चरम सीमा पर है पेट्रोलियम मंत्री जो स्वयं विवादों के घेरे में हैं पश्चिम बंगाल के चुनाव में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम नहीं बढ़ाते हैं लेकिन उसके तुरन्त बाद एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल के दामों में भारी वृद्धि के कारण पूरे देश में मंहगाई से हाहाकार मचा हुआ है। हर वर्ग तबाह है। किसानों को खाद उपलब्ध नहीं है और जहां कभी भी है कालाबाजारी के चलते इसके दाम आसमान छू रहे हैं। आने वाले वक्त में खाद्य पदार्थों के दामों में लगातार बेतहाशा वृद्धि 12 साल बेमिसाल की एक बड़ी देन होगी।
केन्द्र और प्रदेश की तथाकथित डबल इंजन सरकार के समस्त मंत्री, इनके विधायक एवं सांसद दुआ मांग रहे हैं कि देश की जनता को उसकी बेहाली से बाहर निकाला जाए, नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो, गरीबी और भुखमरी से देश को निजात मिले, क्योंकि उन्हें यह विश्वास है कि भाजपा की डबल इंजन की सरकारें यह करने में देश एवं उत्तर प्रदेश दोनों जगहों पर पूरी तरह अक्षम हैं।



