सैफई परिवार नहीं चाहेगा, कोई दूसरा यादव तरक्की करे – मुख्यमंत्री

  • सैफई परिवार नहीं चाहेगा, कोई दूसरा यादव तरक्की करे।
  • टूंडला में सबको मिलेगा शुद्ध पेयजल, नहीं खरीदना होगा पानी।
  • विकास में जो बाधक बनेगा उनके लिए हमेशा बुलडोजर तैयार रहेगा।
  • मुख्यमंत्री ने सिरसागंज में मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार की तारीफ़ की।
  • सिरसागंज से भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल को शकुनी बताया।
    सीएम ने भाजपा प्रत्याशी और मुलायम के रिश्तेदार हरिओम को जमीन से जुड़ा नेता बताया।

हिमांशु दुबे

लखनऊ। देश और प्रदेश में सुहाग की नगरी के नाम से विख्यात फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज और टूंडला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संबोधित किया। इन दोनों की जनसभाओं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर अपने निशाने पर रखा। उन्होंने बिना अखिलेश का नाम लिए हुए यह कहा कि सैफई खानदान कभी नहीं चाहेगा कि कोई दूसरा यादव तरक्की करे। जो व्यक्ति 12 बजे सो कर उठता हो। वह अपने पराये का ध्यान नहीं रखता है। वह हरिओम यादव जैसे जनाधार वाले नेता को क्या सम्मान देगा। हरिओम यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर सिरसागंज से चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हरिओम सहित फिरोजबाद की सभी पांचों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील अपनी दोनों जनसभाओं में की। मुख्यमंत्री ने आगरा मथुरा की तरह टूंडला में भी शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का वादा भी किया।

फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री की पहली जनसभा एक इंटर कालेज के मैदान पर हुई। इस जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार हरिओम यादव की जमकर तारीफ़ की। मुख्यमंत्री ने हरिओम यादव को जमीन से जुड़ा नेता बताया। हरिओम कैसे सपा से नाता तोड़कर भाजपा में आए, इसका भी खुलासा मंच से किया। फिर कहा हरिओम ने जनता की लड़ाई अपने दम पर लड़ी है। सच्चा यदुवंशी कौन है, इसका अहसास हरिओम ने करा दिया है। यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो सुख दुख का साथी होता है, वही सच्चा साथी होता है। 12 बजे सोकर उठने वाले हरिओम जैसे लोकप्रिय नेता को कैसे सम्मान दे पाते। वह चाहते ही नहीं थे कि कोई दूसरा यादव तरक्की करे। दोबारा सत्ता में आने पर पार्टी और सरकार हरिओम का सम्मान करेगी। उनके खिलाफ लड़ने वालों की जमानत जब्त होनी चाहिए यह अपील भी मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए की। इसी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल को शकुनी बताया। उन्होंने कहा कि जनता इस बार बाप बेटे को भगाने का मन बना चुकी है।

सिरसागंज की इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भगवान राम के बन रहे भव्य मंदिर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर बन रहा है और अब मथुरा में ब्रज तीर्थ विकास परिषद से द्वापर युग की पहचान को फिर जीवंत करेंगे। इस पर कार्य चल रहा है। काशी धाम के पुनरुत्थान का कार्य किया गया है। यह हमारी पहचान है। आस्था के साथ हम किसी को खिलवाड़ नहीं करने देंगे। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए यह ऐलान भी किया दो चरणों के मतदान के बाद अब स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। धूमधाम से भाजपा फिर सरकार बनायेगी। सुरक्षा देने वाली गरीबों का कल्याण करने वाली भाजपा सरकार बनाए, ताकि जिस तरह से बीते पांच वर्षों में गरीबों के कल्याण और कोरोना जैसी महामारी से बचाने का कार्य सरकार ने किया है, उसी तरह से कार्य करते हुए अगले पांच वर्षों में यूपी को एक नंबर अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाया जा सके।

टूंडला के घर घर में पहुंचेगा शुद्ध पेयजल-

सिरसागंज के बाद मुख्यमंत्री योगी ने टूंडला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल धनगर के समर्थन में सभा को संबोधित किया। यहां मुख्यमंत्री ने घर -घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ गांव तक ही नहीं, हर घर तक पानी पहुंचेगा। किसी को पानी खरीदना नहीं पड़ेगा। यहां भी मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गरीबों के हितों के लिए समर्पित है। अब नौकरी में कोई भ्रष्टाचार नहीं होता। जबकि पहले चाचा भतीजा भर्ती में वसूली के लिए निकल पड़ते थे। गरीबों का कल्याण हमारी प्राथमिकता है, जबकि पहले की सरकारों में अयोध्या में हमला करने वाले, काशी में हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमे आते ही वापस लिए जाते थे। हमने आते ही किसानों का लोन माफ किया। बूचड़खाने बंद किए और एंटी रोमियो स्कॉड बनाया। हमारा प्रयास रहेगा कि अन्नदाता परेशान नहीं हो और गौ माता भी रक्षा हो। फिरोजाबाद में आलू चिप्स फैक्ट्री खोली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कोरोना से लोगों के बचाने का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में सौ फीसदी लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। डबल इंजन सरकार के राशन फ्री दिया। सपा वाले बिजली इसलिए नहीं देते थे की रात में इन्हें डकैती करनी होती थी। तब डकैती होती थी अब कावड़ यात्रा निकलती हैं। बम नहीं फूटते हर हर बम बम होता है। एक हाथ से हम विकास करेंगे और जो विकास में बाधक बनेगा उनके लिए बुलडोजर तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button