आर0पी0एन0 सिंह को भी भगुआ रंग भाया

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह,उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा एवं केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आर0पी0एन0 सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। आरपीएन सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शशि वालिया और प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेंद्र अवाना ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व सांसद अनिल बलूनी और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख भी उपस्थित रहे। 


केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आरपीएन सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर आरपीएन सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए तीन बार विधायक रहे, पूर्व सांसद और भारत सरकार के पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं। उत्तर प्रदेश में चुनाव समर शुरू हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी निरंतर पिछले आठ सालों से जनता का विश्वास प्राप्त कर रही है। उत्तर प्रदेश के सुशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की जनता के लिए किये गए विकास कार्य, गरीब कल्याण की योजनाएं और सुधरी कानून व्यवस्था को लेकर हम पुनः चुनाव में जा रहे हैं।

 
आरपीएन सिंह ने भाजपा में शामिल होने पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे0पी0नड्डा और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को देश का कीर्तिपुंज बताया। उन्होंने कहा कि कुछ ही सालों में माननीय प्रधानमंत्री जी ने प्राचीन संस्कृति को 21 वीं सदी से जोड़कर हिंदुस्तान के निर्माण में जो काम किया पूरा देश उसे सराह रहा है। 32 सालों तक मैं एक पार्टी में रहा और वहां पूरी ईमानदारी और लगन से काम किया। लेकिन अब वह पार्टी वह नहीं रही जहां से मैंने शुरूआत की थी, ना ही वह सोच रही। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्र निर्माण करना है और देश को आगे बढ़ाना है तो मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों को पूरा करने के लिए जो भी कोशिश होगी वह करूंगा।

श्री सिंह ने कहा कि बहुत लोग मुझसे कहते थे कि मुझे बीजेपी में जाना चाहिए, मैं सोच भी रहा था। अब मैं यही कह सकता हूं कि देर आए दुरुस्त आए। उन्होंने कहा कि यूपी हिंदुस्तान का दिल है और अगर वहां प्रगति होगी तो देश की प्रगति होगी। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काफी काम किए हैं। डबल इंजन की सरकार ने बडी योजनाओं को पूर्वांचल में कार्यान्वित किया है। पूर्वांचल के लिए हम जो सपने देखते थे वह पूरे किए गए हैं। पिछले पांच सालों में यूपी में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण करते हुए देश को आगे बढ़ाने के लिए एक छोटे कार्यकर्त्ता की हैसियत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों को साकार करने के लिए जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका निर्वहन पूरी तत्परता से करूंगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button