नौकरियों में बढ़ेगी महिलाओं की संख्या-अनुराग ठाकुर

हिमांशु दुबे

लखनऊ। केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण,सूचना प्रसारण मंत्री व भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि उनके घोषणापत्र में उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएंगे। सरकारी नौकरियों में इनकी संख्या दोगुनी करेंगे, इसके लिए सरकार को भविष्य में कानून बनाना पड़े तो भी बनाएंगे। श्री ठाकुर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां पर भारतीय जनता पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र में महिलाओं के कल्याण के संकल्पों पर बात की।अनुराग ठाकुर ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया, इन्होंने सुरक्षा से समझौता किया और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को अपने साथ लिया। उन्हें टिकटें दी और अत्याचारियों का मनोबल बढ़ाया। जबकि योगी जी की सरकार ने सुरक्षा, सम्बल और शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया है।

  • नौकरियों में बढ़ेगी महिलाओं की संख्या, कानून बनाना पड़े तो भी बनाएंगे ।
  • भाजपा ने सबके कल्याण के लिए किया काम
  • भाजपा ने जो कहा वो किया है ।
  • इस बार भी महिलाएं बीजेपी की सरकार बनाएंगी ।
  • गुंडाराज खत्म कर भाजपा सरकार ने दी सुरक्षा ।
  • शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन से बनाएंगे महिलाओं को आत्मनिर्भर ।
  • जिन्होंने महिला आरक्षण का विरोध किया, वे क्या दे पाएंगे सुरक्षा ।
  • कांग्रेस केवल कागजों में करती है वादे ।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में योगी जी की सरकार ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वाबलंबन पर काम किया है। हमने फिर संकल्प लिया है कि महिलाओं को सुरक्षा सम्मान के अधिकार जारी रहें। महिलाओं को समृद्ध और सम्पन्न बनाने की हमारी यह विकास यात्रा जारी रहेगी। महिलाओं और बेटियों के उत्थान के संकल्प जो पहले लिए थे उसमें और बढ़ोत्तरी करके आगे बढ़ते जाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता को 15 हजार रूपये से बढ़ाकर 25 हजार रूपये तक करेगी।साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों के विवाह हेतु एक लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश के हर गरीब परिवार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से मुफ्त गैस सिलिंडर प्रदान किया। हमने इसे आगे बढ़ाते हुए सभी लाभार्थियों को होली तथा दीपावली पर 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने का फैसला किया है। इससे हमारे गरीब भाई-बहन आसानी से त्यौहार मना सकेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा ही बुजुर्गों का सम्मान किया है। इसी क्रम में हमने फैसला किया है कि हम 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था करेंगे। पूर्व की सरकारें जो सोच भी नहीं सकती थीं उसे हमने अपने कार्यकाल में करके दिखाया है। इसी प्रकार आने वाले समय में हम 1,000 करोड़ रूपये की लागत के साथ मिशन पिंक टॉयलेट शुरू करेंगे, जिसके अंतर्गत सभी सार्वजनिक स्थलों में महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण एवं उसका रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।हम समाज के हर तबके को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। हमारी सरकार में कोई अछूता नहीं रहता है। इसी क्रम में हम विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के लिए पेंशन को बढ़ाकर 1,500 रूपये प्रतिमाह करेंगे ताकि वह आसानी से अपना जीवनयापन कर सकें। महिला सुरक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता में रहा है। हमारी प्रदेश की भाजपा सरकार ने पुलिस की 3 नई महिला बटालियन की स्थापना की थी। इस बटालियन के नेटवर्क का विस्तार कर उसे दोगुना करते हुए महिलाओं की सुरक्षा और भी सुनिश्चित करने का कार्य हमारी सरकार करेगी।

नागरिकों को सुरक्षा किसी भी सरकार की जिम्मेदारी होती है। हमने इसपर कार्य भी किया है। आने वाले समय में हम सभी सार्वजनिक स्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाएंगे एवं 3000 पिंक पुलिस बूथ स्थापित कर महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने का कार्य करेंगे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम 5000 करोड़ रूपये की लागत के साथ अवन्ति बाई लोधी स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) मिशन शुरू करेंगे। इसके अंतर्गत पांच लाख नए महिला स्वयं सहायता समूह बनाए जाएंगे।इसी के साथ स्वयं सहायता समूह में काम करने वाली लगभग 1 करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर एसएचजी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 1 लाख रूपये तक का ऋण न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराएंगे। हम लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) सहित सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या को दोगुना करेंगे। ताकि आधी आबादी की पूरी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

हम कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु रानी लक्ष्मी बाई योजना के अंतर्गत मुफ्त स्कूटी वितरित करेंगे। इससे उनके आवागमन में आसानी होगी साथ ही पढ़ाई के स्तर में भी सुधार होगा। हम सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य सखियों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा मिशन मोड पर प्रदान करेंगे। ताकि लोगों की सेवा करते हुए उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्हें भी पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें।हमारी मंशा है कि हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी सहभाहिता दर्ज कराते हुए अपनी महत्ता प्रदर्शित करें। इसी क्रम में हम 500 करोड़ रूपये की लागत से स्टेट टैलेंट सर्च एंड डेवलपमेंट स्कीम शुरू करेंगे। इसके अंतर्गत चुनी गई महिला एथलीटों को 5 लाख रूपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज मैं यहां स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हमारी सरकार में महिलाओं को शुरू से ही केंद्रित रखा गया है। 2014 से देश में भाजपा की सरकार है। 2017 में हम राज्य में हैं। देश में 7 साल के कार्य और प्रदेश में पांच साल के कार्य से देखा जा सकता है कि हमारी सरकार ने किस प्रकार महिलाओं के लिए कार्य किया है। हमने महिलाओं के लिए केवल वादे नहीं किए हैं। हमने देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में उनके लिए कार्य भी करके दिखाएं हैं। हमारे कार्य का ही असर है कि आज देश और उत्तर प्रदेश की महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार स्पष्ट रुप से दिख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button