राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी का भाजपा में विलय

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी ने भाजपा में अपना विलय कर लिया जबकि कई संगठनों ने बिना शर्त समर्थन दिया है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर से आने वाले बसपा के बड़े मुस्लिम चेहरे सलमान जैदी और मैनपुरी में सपा के मजबूत स्तम्भ रघुपाल सिंह भदौरिया सपा छोड़ कर भाजपा परिवार का हिस्सा बन गये। इसके साथ ही शाम को पार्टी कार्यालय में रिटायर्ड आईपीएस कुश सौरभ पासवान ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पासवान बांसगाँव (गोरखपुर) से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रह चुके है और इनकी पत्नी जिला पंचायत की सदस्य है।


भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रमुख नेताओं को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। डा. वाजपेयी ने इस अवसर पर कहा कि मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के स्तंभ और प्रदेश सचिव रहे रघुपाल सिंह भदौरिया ने भाजपा में शामिल होकर पार्टी के चुनाव अभियान को और मजबूती प्रदान की है। इसी तरह जैदी मुजफ्फरनगर में बहुजन समाज पार्टी के बडे़ नेता हैं। राजनीतिक परिवार से आने वाले जैदी की पत्नी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं, जबकि जैदी 2017 के विधानसभा चुनाव में चरथावल से प्रत्याशी रह चुके हैं। इनको भाजपा में शामिल कराने के लिए केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान और प्रदेश सरकार में गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने सिफारिश की थी।


इन दलों का मिला बिना शर्त समर्थन-

प्रदेश भाजपा कार्यालय में किसान शक्ति जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखलाल गौतम गुरू जी, मानवतावादी समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. रामरघुबीर प्रजापति, राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष आनन्द कुमार मिश्र और हिन्दू युवा वाहिनी (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुभव शुक्ला ने डा. वाजपेयी को बिना शर्त समर्थन का पत्र सौंपा। सभी का स्वागत करते हुए डा. वाजपेयी ने कहा कि समतावादी पार्टी पूर्वांचल केे 25 जनपदों में निषाद समाज के लिए काम कर रही थी। इस पार्टी ने पिछड़ों और दलितों की फिर से सरकार बनाने के लिए भाजपा को बिना शर्त समर्थन दिया है। इसी तरह किसान शक्ति जनतांत्रिक पार्टी का गठन इसकी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मी भारती जाटव ने 15 अगस्त 2010 में किया था। दलितों को संगठित करने की वजह से उन्हें मिनी मायावती भी कहा जाता था। इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखलाल गौतम गुरु जी के निर्देश पर पार्टी ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन दिया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कुमार मिश्र पंकज और हिन्दू युवा वाहिनी (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुभव शुक्ला ने बिना शर्त समर्थन देकर भाजपा के चुनाव अभियान को और मजबूती प्रदान की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button