Thursday, April 23, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश पत्रकार एकता का बड़ा मंच बनेगा लखनऊ

पत्रकार एकता का बड़ा मंच बनेगा लखनऊ

38
पत्रकार एकता का बड़ा मंच बनेगा लखनऊ
पत्रकार एकता का बड़ा मंच बनेगा लखनऊ

उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) की बैठक विधानसभा मीडिया सेंटर में संपन्न। अनिल तिवारी को समिति का प्रवक्ता बनाया गया। बैठक में 23 मई 2026 को होने वाले पत्रकार महाकुंभ सम्मेलन का ऐलान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के पत्रकारों के साथ वरिष्ठ नेताओं, प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) की एक महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा स्थित मीडिया सेंटर में संयोजक प्रभात त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के आगामी कार्यक्रमों और अब तक की कार्य प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 23 मई 2026 को लखनऊ में एक भव्य पत्रकार महाकुंभ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेशभर से हजारों पत्रकारों को आमंत्रित करने की योजना है। साथ ही बड़े राजनीतिक नेताओं,न्यायपालिका, ब्यूरोक्रेसी से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। समिति का प्रयास रहेगा कि पूरे प्रदेश से हज़ारों पत्रकारों को लखनऊ के इस महाकुंभ में आमंत्रित किया जाए ।

संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने जानकारी दी कि उनकी हाल ही में दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात हुई, जिसमें समिति के पुनर्गठन और चुनाव प्रक्रिया से उन्हें अवगत कराया गया। रक्षा मंत्री ने समिति को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति के निर्वाचित पदाधिकारियों को शीघ्र ही एक विशेष कार्यक्रम में प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे तथा एक आम सभा की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

समिति ने अपर मुख्य सचिव सूचना और निदेशक सूचना से अनुरोध किया है कि छोटे समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों और प्रकाशकों की समस्याओं को सुनने के लिए सूचना भवन ऑडिटोरियम में बैठक आयोजित की जाए। साथ ही पूर्व सांसद शीश राम सिंह “रवि” द्वारा प्रधानमंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री को भेजे गए पत्र, जिसमें DAVP में नई मान्यता प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया गया है, उसकी जानकारी भी पत्रकारों के बीच साझा की गई।

बैठक में अध्यक्ष शेखर पंडित, महासचिव ज्ञानेश पाठक, उपाध्यक्ष अमन अग्रवाल,जितेंद्र कुमार सिंह और के.के. सिंह, ने पत्रकारों के हित में कार्य करने और समिति को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। कोषाध्यक्ष विक्रम राव,संयुक्त सचिव राजू यादव और उमाकांत बाजपेई ने भी संगठन को मजबूती देने पर जोर दिया।

इस दौरान कार्यकारिणी सदस्य अनिल तिवारी को सर्वसम्मति से समिति का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। अनिल तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि समिति पत्रकारों के हितों की रक्षा करते हुए पारदर्शिता और समानता के साथ कार्य करेगी। बैठक में अजीत सिंह और संयुक्त सचिव लखन लाल मिश्र सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने उत्साह के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।