UP के सत्ता संरक्षण में भ्रष्टाचार-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जीरो टॉलरेंस की कहानी सुबह-शाम, सोते-जागते दुहराने वाली भाजपा सरकार में अब घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं। प्रशासन तंत्र पर भाजपा सरकार की पकड़ नहीं दिखाई पड़ रही है। भ्रष्टाचार सत्ता के संरक्षण में फलफूल रहा है। विकास की काल्पनिक कहानियां गढ़ी जा रही हैं ताकि जनता को भ्रमित किया जा सके।


    भगवान राम की पवित्र नगरी अयोध्या में भी भ्रष्टतंत्र का जाल फैला हुआ है। वहां आसपास के गांवों के किसानों की जमीनों का संतोषजनक मुआवजा नहीं दिया गया, उल्टे प्रताड़ित किया गया। भाजपा समर्थित भूमाफियों और सत्ताधीशों ने मिलकर श्रीराम जन्म भूमि से चन्द कदम की दूरी पर माझा जमथरा गांव में 4 बिस्वा खतौनी को कूट रचित दस्तावेज में 21 बीघा दिखा कई करोड़ रूपयों का घोटाला कर दिया।


    भाजपाराज में मिड-डे-मील में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। कन्नौज के कंपोजिट विद्यालय, मदनापुर काजी में बच्चों को घटिया खाना दिया गया। शिकायत पर शिक्षक ने चार छात्रों की पिटाई की और स्कूल से भगा दिया। वैसे भाजपा सरकार ने मिड-डे-मील में पोषक तत्वों को हटा दिया है। गरीब के बच्चों को दूध, फल आदि नहीं दिया जा रहा है।


    भाजपा सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन देने का ढोल पीटने में कोई कसर नहीं रखी थी परन्तु प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मुफ्त राशन योजना में तरह-तरह के नियम कानून और पेंच फंसाकर गरीबों को खाने का अधिकार भी छीनने की साजिश की जा रही है।


    भाजपा राज में कृषि विभाग ने एक बड़ा चमत्कार कर दिखाया। इस वर्ष 23 जिलों में 40 प्रतिशत से भी कम वर्षा हुई जबकि 45 जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकार्ड की गई। सूखे की छाया मंडरा रही है। मौसम की बेरुखी से किसानों के सूखे खेतों में भी लक्ष्य से ज्यादा क्षेत्रफल में बोआई का लक्ष्य 9603 हेक्टेयर का था लेकिन कृषि विभाग के अधिकारियों ने ऐसा कमाल किया कि प्रदेश में सूखे के बुरे हालात के बावजूद 98.204 प्रतिशत हेक्टेयर क्षेत्रफल में बुवाई करा दी। अब इस गोरखधंधे पर मुख्यमंत्री जी क्या कहेंगे….?


    बात बहुत साफ है, भाजपा सरकार की असली रंगत रोज-रोज सामने आने लगी है। उसने विकास के नाम पर सिर्फ बजट का बंदरबाट किया है। बड़े-बड़े विज्ञापन, बड़े-बड़े दावे इन सबकी पोल धीरे-धीरे खुलने लगी है। लोग जान रहे हैं कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अन्तर है। जनता अब 2024 में भाजपाईयों को सही जवाब देगी।
                     

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button