कांग्रेस चाहती है कि यूपी में राजनीति बदले- प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कर रही सेहत, शिक्षा और सुरक्षा की बात।भाजपा ने गरीबों का पैसा विज्ञापन पर खर्च किया।हुनर जहां-जहां है, वहां उसे तराशा जाएगा।कांग्रेस चाहती है कि यूपी में राजनीति बदले।

प्रियंका गाँधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा आज से शुरू हुआ, पहले दिन प्रियंका गांधी ने रायबरेली के जोहवा शर्की, ग़ुरबक्शगंज, खीरों, सेमरी, सरेनी, लालगंज और डलमऊ में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। अपनी सभाओं में उन्होंने युवा, महिला और किसानों के मुद्दे पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए अपने रोडमैप के बारे में लोगों को बताया और कांग्रेस को वोट देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के हर जिले में लड़कियों के लिए एक स्कूल बनाएंगे और पुलिस में 25 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित करेंगे। साथ ही अस्पतालों में महिलाओं के लिए महिला डॉक्टर होंगी। उन्होंने कहा, हम नौकरियों के लिए एक कैलेंडर बनाएंगे और समय-समय पर योजना बनाकर रोजगार देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि आधी आबादी की बात पार्टियां क्यों नहीं कर रही हैं। ये लोग सोचते हैं कि महिलाओं को एक गैस सिलेंडर दो और वो खुश हो जाएंगी। हम 40 फीसदी महिलाओं को विधायक बनने का मौका दे रहे हैं। हमने महिलाओं की को सक्षम बनाने की बात की, तो अब हर दल उनके लिए घोषणाएं कर रहा है।

प्रियंका गांधी ने कहा सरकार लोगों को सशक्त करने का काम नहीं कर रही है। चुनाव आते ही वे आपको असुरक्षित महसूस कराना शुरू कर देते हैं। जाति-धर्म की बाते होती हैं,नफरत की बाते होती है, लेकिन वह विकास की बात नहीं करते। वे यह नहीं बताते कि इतने साल सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने लोगों की सेहत, शिक्षा और सुरक्षा के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने हजारों करोड़ रुपये विज्ञापन में फूंक दिए, वह जनता के पैसे थे, उससे जनता का विकास हो सकता था, लेकिन वह नहीं किया गया।

लखीमपुर में किसानों को कुचलने की घटना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो सरकार चल रही है वह अमीरों की सरकार है। गृह राज्यमंत्री टेनी के बेटे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आपके पास सत्ता है, तो आप छह किसानों को कुचल डालिए अपनी जीप के नीचे। एफआईआर भी दर्ज नहीं होगा तब तक जब तक कि दूसरी पार्टियां आंदोलन ना करें। जब लखीमपुर में किसानों को कुचला गया, तो इस सरकार ने किसानों को कुचलने वाले को बचाया, पुलिस गायब थी। जब मैं और विपक्ष के नेता पीड़ित परिवारों से मिलने जाने वाले थे, तो सब जगह पुलिस लगा दी, जैसे हम डाका डालने जा रहे हों। कुचलने वाला मंत्री का बेटा है, वह रिहा हो गया है, प्रधानमंत्री उस मंत्री के साथ मंच साझा करते हैं।  

उन्होंने कहा कि सरकार का काम होता है, विकास करना। लेकिन मैंने उत्तर प्रदेश के कोने कोने में घूमकर देखा है, हर जगह समस्याएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि छुट्टा जानवर आज उत्तर प्रदेश की बड़ी समस्या बन गए हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने इस समस्या का समाधान किया। कांग्रेस सरकार ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 2 रुपये किलो गोबर खरीदना शुरू किया। इससे आवारा पशुओं की समस्या वहां ख़त्म हुई है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के विकास की बात, उनको सक्षम बनाने की बात राजनीतिक पार्टियां नहीं कर रही हैं। महिलाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की बात कांग्रेस कर रही है। कांग्रेस  अस्पतालों में महिला डॉक्टर और हर ब्लॉक के अस्पताल में एक महिलाओं के लिए कमरा होना चाहिए, इसकी बात कर रही है। महिलाओं के लिए हर क्षेत्र में पाठशाला होनी चाहिए ये हम वादा कर रहे हैं। विपक्षियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में रोजगार मिल ही नहीं रहा है। नेता चुनाव आने पर वादा करते हैं कि रोजगार देंगे, अब तक क्यों नहीं दिया ?

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना में रायबरेली में भी ऑक्सीजन की कमी हो गई। हमने छत्तीसगढ़ से ऑक्सीजन मंगवाने के प्रयास किए, लेकिन इस सरकार ने रोक दिया। बड़ी मुश्किल से हमने ऑक्सीजन लोगों तक पहुंचाई। उन्होंने कहा कि 40 फीसद महिलाओं को टिकट देने का वादा कांग्रेस ने पूरा किया है। मैं प्रदेश में अनेक महिलाओं से मिली जिनपर अत्याचार हुए हैं, लेकिन अपराध करने वाले को पुलिस, प्रशासन और सरकार बचा रही है, पीड़ित महिला की ये मदद नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम ऐसा कानून लाना चाहते हैं, जिसमें महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में 15 दिन में एफआईआर न होने पर पुलिस अधिकारी को सस्पेंड किया जाए। हम जॉब कलेंडर बनाएंगे जिससे, तय समय पर लोगों को रोजगार मिल सके।  लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि भाजपा के नेता महिलाओं को पायल बांट रहे हैं। मैं तो कहती हूँ, मेरी बहनों पायल ले लीजिए, लेकिन वोट कांग्रेस को दीजिएगा। उन्होंने कहा, सच्चाई आपके सामने है, आपकी परिस्थितियां पिछले पांच वर्ष में सुधरी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सरकार की नीयत सही नहीं है, इसलिए यह लोगों को बरगला रहे हैं। जबकि कांग्रेस विकास की बात कर रही है, हम आपको लड़ाना नहीं चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए कांग्रेस की सरकार बनने पर 5 लाख रुपए 1 प्रतिशत ब्याज पर दिए जाएंगे। हुनर जहां-जहां है, वहां उसे मजबूत करने का काम हम करेंगे। हमने एक खाका इसके लिए तैयार किया है। हम चाहते हैं कि यूपी में राजनीति बदले। धर्म और जाति के आधार पर उकसाने वाली राजनीति से सिर्फ राजनेताओं का फायदा होता है। इससे जनता का फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा जब आप सवाल पूछने लगते हैं तब ये लोग सोचते हैं कि जब चुनाव आएगा तो हम धर्म और जाति की बात करेंगे और हमें वोट मिल जाएगा। इसलिए नेताओं से पूछिए कि वह आपके लिए क्या कर रहे हैं।मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदर्शवादी राजनीति करती है। हम अपने आदर्शों पर चल रहे हैं, इसीलिए भाजपा और कांग्रेस की इतनी बड़ी लड़ाई है विचारधारा की। मैं चाहती हूं कि इस बार उत्तर प्रदेश में विकास के आधार पर वोट किया जाए। कौन काम करता है, किसकी अच्छी योजनाएं हैं, कौन काम करना जनता है। और लोगों के मुद्दों पर चुनाव हो। उत्तर प्रदेश के लोग पूरे देश को संदेश भेजें, कि वे अपने मुद्दों वोट कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button