त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रत्याशी घोषित करेगी भाजपा-सुनील बसंल

हिमांशु दुबे

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के  प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को राजधानी लखनऊ के इन्दिरागांधी प्रतिष्ठान में सम्पन्न हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी पंचायत चुनाव तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों व संगठनात्मक अभियानों/कार्यक्रमों की योजना रचना तैयार की गई।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बसंल ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में आगामी कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। सुनील बंसल ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी की आगामी कार्ययोजना को विस्तार पूर्वक पटल पर रखा।


 भाजपा आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 3051 जिला पंचायत वार्ड प्रत्याशी घोषित करेगी। इसके साथ ही 826 ब्लाक प्रमुख पद पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। पंचायत चुनाव में वार्ड स्तर पर हर मतदाता से व्यक्तिगत सम्पर्क कर मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएगी। पार्टी के युवा, महिला, अनुसूचित एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड में कार्यक्रम आयोजित करेंगे।प्रत्येक जिला पंचायत वार्ड पर पार्टी एक बड़ी सभा आयोजित करेगी।


उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी 19 मार्च से लेकर 26 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेगी व समारोह का आयोजन करेगी।

19 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समारोह आयोजित करेगी। जिसमें प्रदेश सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का सिंहावलोकन होगा। 19 मार्च को ही प्रदेश के अन्य सभी 74 जिलों में भी समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शनी, सेमिनार तथा अन्य माध्यमों से जनसामान्य तक पार्टी पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 19 मार्च से 26 मार्च तक आयेाजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। जिसमें स्थानीय विधायक के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ विधानसभा स्तर पर हुए विकास कार्यों को भी जनता के बीच साझा करेंगे। जहां पार्टी के विधायक नहीं वहां सांसद या राज्यसभा सदस्यों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित होंगे।


 सभी 826 ब्लॉक पर किसानों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करेगी। जिनमें किसान कल्याण से संबंधित योजनाएं किसानों के बीच साझा की जाएंगी। साथ ही नगर निकायों में आत्मनिर्भर भारत आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश विषय पर उद्योगों को प्रोत्साहन के लिए किए गए सरकार के कार्यों को साझा किया जाएगा। साथ ही 3051 जिला पंचायत वार्डों में युवाओं के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी के 1918 संगठनात्मक मंडलों पर महिलाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी मजदूरो, रेहड़ी, पटरी वालों के बीच पहुंचकर कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। साथ ही पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे।

6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर झण्डा लगाएगें व 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की जयन्ती पर सेवा बस्तियों में सेवा कार्यों से जुडेंगे।
पार्टी आगामी कार्ययोजना के केन्द्र में सक्षम मंडल, सक्रिय बूथ समिति और पन्ना प्रमुख होंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी आत्मनिर्भर भारत अभियान को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन करेगी और मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button