भाजपा और निर्वाचन आयोग ने मिलकर सपा से सत्ता छीनी है-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सन् 2024 में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए हमें आगे की लड़ाई के लिए तैयार रहना है। उत्तर प्रदेश की इस लड़ाई में मुख्य भूमिका होगी। जब उत्तर प्रदेश से भाजपा भागेगी तभी केन्द्र से उसका सफाया होगा। इसके लिए हमें बूथस्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत बनाना और जनता के बीच अपनी नीतियां-कार्यक्रम पहुंचाना होगा। भाजपा की कुनीतियों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष तेज किया जाएगा।


अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ में डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में एकत्र विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में आए पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। भाजपा की अनैतिकता इस हद तक है कि वह सत्ता का दुरुपयोग करके निर्वाचन की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को भी प्रदूषित करती है। जरूरत इस समय लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादियों के जागरूक रहने की है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और निर्वाचन आयोग ने मिलकर समाजवादी पार्टी से सत्ता छीनी है। भाजपा तमाम तरह के षड़यंत्र कर रही है। वह भय, और प्रलोभन की राजनीति करती है। भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी है और अहंकार में डूबी हुई है। उत्तर प्रदेश की धरती को भाजपा अपवित्र कर रही है।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी करके और जीएसटी लागूकर देश में आर्थिक संकट पैदा कर दिया है। इसका लाभ गरीबों और व्यापारियों को नहीं मिला है। किसान और नौजवानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई और भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग आक्रोशित है। आरएसएस की शिक्षा संस्थानों में दखलंदाजी है। दो सौ देशों में स्थापित एयर इण्डिया की सम्पत्ति को भाजपा सरकार ने बेच दिया है। भाजपा की मंशा चंद पूंजीपतियों के हाथों में पूरी ताकत केन्द्रित कर देने की है।इस अवसर पर तमाम प्रदेश अध्यक्षों ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि श्री अखिलेश यादव ही देश में परिवर्तन लाएंगे। उनका नेतृत्व बेदाग है और वे समाज के हर वर्ग को स्वीकार्य है। उत्तर प्रदेश की जनता का उन पर पूरा भरोसा है। वे सब मिलकर अखिलेश जी के हाथों को मजबूत करेंगे और समाजवादी पार्टी को राष्ट्रीय दल की मान्यता दिलाने तथा सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हटाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button