Tuesday, April 14, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश बाबा साहेब का जीवन संघर्ष,समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत-पंकज चौधरी

बाबा साहेब का जीवन संघर्ष,समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत-पंकज चौधरी

36
बाबा साहेब का जीवन संघर्ष,समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत-पंकज चौधरी
बाबा साहेब का जीवन संघर्ष,समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत-पंकज चौधरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को हजरतगंज स्थित अटल चौराहे पर भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर दीपांजिल अर्पित कर दीपोत्सव मनाते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा राम चन्द्र कनोजिया ,उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण , भाजपा नेता नीरज सिंह तथा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बडी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब को दीपार्चन कर नमन किया।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आज सोमवार को बाबा साहेब की जयन्ती की पूर्व संध्या पर प्रदेश में बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर दीपोत्सव मनाया। बाबा साहेब की जयन्ती पर 14 अप्रैल को प्रदेश में सभी बूथों पर पार्टी के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ बाबा साहेब के चित्र पर पुर्ष्पाचन करके संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार की प्रत्येक योजना बाबा साहेब के समतामूलक समाज के स्वप्न को साकार करते हुए गरीब, वंचित, अनुसूचित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान एवं जनभागीदारी के लिए समर्पित है।


श्री चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और आगे बढ़ाने की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सामाजिक समरसता का यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को अपने आचरण में उतारते हुए समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करें।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने देश को संविधान के रूप में एक मजबूत आधार दिया, जो आज भी राष्ट्र को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उनके विचार समावेशी और सशक्त भारत के निर्माण की नींव हैं। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर पूरे प्रदेश में भव्य एवं व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रदेश के लगभग 14 हजार स्थानों पर बाबा साहेब की प्रतिमाओं, स्मारक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई एवं माल्यार्पण किया जा रहा है। अभियान के संयोजक, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने बताया कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता, समानता और जागरूकता का संदेश देने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए पार्टी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक उनके संदेश को पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान में प्रदेश के सभी सांसद, विधायक, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा पार्टी कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।