5 दिसंबर को जयपुर में अमित शाह का रोड शो

दो साल बाद अंधेरा हटेगा और राजस्थान में कमल खिलेगा। 5 दिसंबर को जयपुर में अमित शाह का भव्य रोड शो।भाजपा कार्यकर्ता हताश न हों-वसुंधरा राजे।वसुंधरा राजे के आने से पहले अजमेर में हुई भाजपा की चिंतन बैठक।

एस0 पी0 मित्तल

05 दिसंबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भव्य रोड शो होगा। 25 नवंबर को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि चार और पांच दिसंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रखी गई है। इस दो दिवसीय बैठक का समापन अमित शाह के संबोधन के साथ होगा। इस अवसर पर प्रदेश में भाजपा के जनप्रतिनिधियों का एक सम्मेलन भी रखा गया है। इसमें सरपंच-पार्षद से लेकर भाजपा के सांसद तक भाग लेंगे। सम्मेलन में 10 हजार जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इससे पहले सांगानेर एयरपोर्ट से आगरा रोड स्थित कार्यसमिति स्थल तक अमित शाह का रोड शो निकाला जाएगा। पूनिया ने कहा कि अमित शाह के आगमन से प्रदेश में भाजपा को और मजबूती मिलेगी। कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस की सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने की योजना भी बनाई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की धार्मिक यात्रा के संबंध में पूनिया ने कहा कि राजे भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने स्वयं कहा कि यह यात्रा उनकी निजी यात्रा है।


कमल खिलेगा –

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भले ही अपनी यात्रा को धार्मिक यात्रा बता रही हों, लेकिन यात्रा के दौरान होने वाली जनसभाओं में राजे राजनीतिक टिप्पणियां भी कर रही हैं। 23 नवंबर से शुरू हुई, इस यात्रा का समापन 26 नवंबर को अजमेर-पुष्कर में होगा। चित्तौड़ के बेगू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजे ने माना कि हाल ही के दो उपचुनावों में हार की वजह से भाजपा का कार्यकर्ता हताश है, लेकिन अब कार्यकर्ताओं को हताश होने की जरुरत नहीं है। क्योंकि दो वर्ष बाद राजस्थान में फिर से कमल खिलेगा। कार्यकर्ताओं के सामने जो अंधेरा है वह हट जाएगा। कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा दो सांसदों से बढ़कर 303 सांसदों तक पहुंची है।


राजे के आने से पहले चिंतन बैठक –

पूर्व सीएम और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे 26 नवंबर को अजमेर आएंगी। लेकिन इससे पहले 24-25 नवंबर को अजमेर में भाजपा की चिंतन बैठक हुई। शहर भाजपा की इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया भी भाग ले रहे हैं। इस बैठक में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर विचार विमर्श हुआ। इसके साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए भी योजना बनाई गई। शहर जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा ने बताया कि जिला स्तरीय चिंतन बैठक का कार्यक्रम पहले ही तय हो गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार ही 24 व 25 नवंबर को बैठक हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button