अखिलेश यादव ने जनेश्वरपार्क में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

समाजवादी पार्टी में आज 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपद कार्यालयों में राष्ट्रीयध्वज को सलामी दी गई और लोगों को इस मुबारक मौके पर स्वतंत्रता संग्राम के दौर में शहीदों के सपनों को पूरा करने का भी संकल्प लिया गया। राजधानी लखनऊ में पार्टी मुख्यालय, जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में झंडा फहराया गया। मुख्य समारोह जनेश्वर मिश्र पार्क, लखनऊ में हुआ जहां अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज जनेश्वर मिश्र पार्क में जयहिन्द और भारत माता के जय के नारों से आकाश को गुंजाते लाल टोपी पहने तिरंगा झण्डा लिए हजारों कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने सभी का अभिवादन किया और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की मुबारकबाद दी।


अखिलेश यादव ने कहा कि भारत को आजादी तमाम शहादतों के बाद मिली है। उनकी कुर्बानी भुलाई नहीं जा सकती है। आज जब हम आजादी की खुशियां मना रहे हैं हमें आजादी की लड़ाई में लिए गए संकल्पों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का व्रत लेना होगा। हमें आजादी के साथ चुनौतियां भी मिली है। आज महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। अगर दुनिया के आंकड़ों को देखें तो स्वास्थ्य के क्षेत्र में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर हमारा देष बहुत पीछे दिखाई दिया है। किसानों की आर्थिक दिक्कत बढ़ी है।


श्री यादव ने कहा कि आज हमारे देशवासियों को इस बात की चिंता है कि कुछ लोग जाति के भेदभाव को आगे रखकर झगड़ा करा कर वोटों को साधने का काम कर रहे है। लोकतंत्र की मजबूती, भाईचारा और सद्भावना के साथ संविधान के रास्ते पर चलकर ही हमारा देश दुनिया में आगे बढ़ता नज़र आएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर और डॉ0 लोहिया ने समय-समय पर कोशिश की थी कि देश से छुआछूत, जातिवाद दूर हो। समाजवादी इसी रास्ते पर चलते रहे है।अखिलेश ने कहा कि आजादी का सबसे बड़ा सपना यही है कि आखिरी आदमी तक व्यवस्थाएं अच्छी हों और जीवन अच्छा हो। समाजवादी एक परिवार है, जो सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत रहा है।


आज सुबह से ही जनेश्वर मिश्र पार्क में तिरंगा लिए और लाल टोपी पहने नौजवानों की टोलियां आने लगी थी। महिलाएं भी समूह में तिरंगा लिए आई थी। चारों तरफ उत्साह और उमंग से भरे लोगों में अपने नेता को देखने की उत्सुकता झलक रही थी। जैसे ही श्री अखिलेश यादव विशाल राष्ट्रीय ध्वज के चबूतरे पर आए उन्हें छूने-देखने और पास आने की जोशीले कार्यकर्ताओं में होड़ लग गई। श्री यादव ने सबका अभिवादन स्वीकार किया।


जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण गोमतीनगर के लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में समाजवादी सरकार के समय श्री अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में हुआ था। यहां चारों तरफ हरियाली है। हरी घास के मैदान हैं। पार्क में चीड़, हिमचम्पा, कनकचम्पा, अर्जुन, पीपल, पाकड़, मौलिश्री, क्रोशिया, सिल्वर ओक, कचनार, पाम, कदम्ब, फाइकस, कनेर, के पेड़ लगे हैं। जिनके नीचे सुस्ताते और बैठे हुए लोगों को देखा जा सकता है।जनेश्वर मिश्र पार्क के बाद श्री अखिलेश यादव डॉ0 लोहिया पार्क, गोमतीनगर, लखनऊ भी पहुंचे जो रखरखाव के अभाव में वीरान सा होता जा रहा है। जगह-जगह पत्थर टूटे हुए है। यहां सन् 2005 में डॉ0 लोहिया की प्रतिमा स्थापित की गई थी जिसकी उपेक्षा हो रही है। इस पार्क में सबसे ज्यादा परिजात के वृक्ष लगाए गए थे। भाजपा सरकार में धार्मिक महत्व के वृक्षों को समाप्त करने की साजिश हो रही है।जनेश्वर मिश्र पार्क हो या लोहिया पार्क यहां जो भी मिला सबका कहना था कि विकास का विजन तो अखिलेश जी में ही है। भविष्य की वही उम्मीद हैं।


स्वतंत्रता दिवस पर पश्चिमी बंगाल (कोलकाता) में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री किरनमय नंदा ने झण्डारोहण किया। हरिद्वार में डॉ0 सत्यनारायण सचान, चन्द्रशेखर, डॉ0 राजेन्द्र पाराशर, कर्नल जानसारी, सुमित तिवारी, लव दत्ता, आशीष यादव, देहरादून में अनिल कुमार, अतुल शर्मा, संजय मल्ल, अजय गुरंग, डॉ0 एच.पी. यादव, अखिलेश सिंह ने झण्डारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। लखनऊ महानगर के पूर्व अध्यक्ष श्री सुशील दीक्षित के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी मुख्यालय से प्रारम्भ साइकिल यात्रा को पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी से आज समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कर्नल शरद सरन व अन्य पूर्व पदाधिकारियों सर्वश्री इन्द्रेश सिंह, छोटे लाल, विजय कुमार तथा अन्य 40 सैनिकों ने भेंट के दौरान राष्ट्रध्वज प्रतीक चिह्न भेंट किया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button