योगी के गढ़ को गढ़ करेंगे अखिलेश

भाजपा सरकार गरीबों की जेब काटकर अमीरों की जेब भर रही है, जो लोग मंहगाई को कम करने की बात करते थे, उन्होंने ही मंहगाई बढ़ाई है। युवाओं को नौकरी नहीं मिली है। गोरखपुर में विकास के नाम पर शहर में नाव का विकास हुआ, पूरा शहर बरसात के पानी से भरा हुआ था।योगी के विकास की नाव बरसात में चली जब शहर हुआ था सरोवर।

प्रदेश में बदलाव होना तय है। अखिलेश यादव ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर होगा। भाजपा की कुनीतियों से त्रस्त प्रदेश की जनता ने इस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।उन्होंने कहा समाजवादी सरकार आने पर किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा। आज गोरखपुर में विजय रथ यात्रा में उमड़े भारी जन सैलाब को सम्बोधित कर रहे थे। उनकी रथ यात्रा रजही मोड़ से शुरू हुई। जगदीशपुर में उनकी विशाल जनसभा हुई। कुशीनगर के झागा बाजार, रामकोला विधानसभा क्षेत्र के कप्तानगंज बाजार से डीसीएफ चौक पर, खड्डा विधानसभा क्षेत्र के पकरियापार बाजार में भी उनका भव्य स्वागत हुआ और उनकी विशाल जनसभाएं हुईं।

“सरकार ने उत्तर प्रदेश में किसानों के आंदोलन को कुचलने का काम किया, कहीं ऐसा हो सकता है कि अन्नदाता को जीप के टायर से कुचल दें? इसके बाद कानून कुचल रहे थे, इन्हें अगर और मौका मिल गया तो हो सकता है कि ये संविधान को भी कुचल दें।” 


गरीबों की जेब काटकर भाजपा सरकारें अमीरों की तिजोरी भर रही है। 3 महीने में 600 गुना से ज्यादा मुनाफा तेल कम्पनियों को हुआ है। खाने के तेल और रसोई गैस का दाम कहां से कहां पहुंच गया है। भाजपा बताए जो मुनाफा कमाया वह कहां गया?यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा ने सभी सरकारी संस्थाओं को कमजोर किया है। भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर द्वारा दलितों, पिछड़ों को दिए गए संवैधानिक अधिकार भी छीनने की साजिश कर रही है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। रूपया लगातार डालर से कमजोर हो रहा है। सरकार ने डीजल-पेट्रोल महंगा कर भारी मुनाफा कमाया। जनता पर महंगाई का बोझ डाला। हर चीज महंगी हो गई है।

“जो काम पांच साल पहले हमने कर दिया लेकिन वो पांच साल पीछ कर दिए, वो सोच और काम से पिछड़े हैं।इसलिए बदलाव हो कर रहेगा. बदलाव के लिए किसान और बेरोजगारों ने तय किया कासगंज में पुलिस क्या कहानी बना रही है।” 


अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, मजदूरों में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर आक्रोश और नाराजगी है। समाजवादी विजय रथ यात्रा प्रदेश में परिवर्तन के लिए निकाली जा रही है। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रति आम जनता, नेताओं और कार्यकर्ताओं का भरोसा बढ़ा है। गोरखपुर में समाजवादी विजय रथ यात्रा को मिल रहे भारी समर्थन से भाजपाई सत्ता की चूलें हिल गयी है। गोरखपुर में मिले जनसमर्थन से 2022 में सपा के पक्ष में बयार और बुलन्द हो गई है। भाजपा सरकार ने किसानों का अपमान किया है। उन्हें गाड़ी के टायरों से कुचला है। किसानों पर तीन काले कृषि कानून थोप दिए गए। किसान इन काले कानूनों के खिलाफ आन्दोलन कर रहा है लेकिन भाजपा सरकार नहीं सुन रही है। गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपया बकाया है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को सम्मान दिया जाएगा। फसलों का सही मूल्य मिलेगा। नौजवानों को नौकरी दी जाएगी। महिलाओं को पेंशन और सुरक्षा दी जाएगी। सभी वर्गों का सम्मान होगा।

प्रदेश की योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ में सबसे आगे है क्योंकि ठोको राज चल रहा है, ठोको राज में पता ही नहीं है कि कौन किसको ठोक दे।”


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के गृह जनपद गोरखपुर में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव को जो व्यापक जनसमर्थन मिला, उनकी सभाओं में जैसा जनसैलाब उमड़ा, उससे समाजवादी पार्टी की सरकार आना तय है।गोरखपुर से कुशीनगर के लिए शुरू हुई समाजवादी विजय रथ यात्रा का जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत हुआ। यात्रा को लेकर सपाइयों में जबरदस्त उत्साह रहा। सिर पर लाल टोपी और हरा लाल झण्डा लिए समाजवादी पार्टी के लाखों की संख्या में कार्यकर्ता नेता और जनसामान्य यात्रा में शामिल हुए।

“महंगाई कितनी हो गई है पेट्रोल और डीजल की कीमत क्या है। इस सरकार ने महंगाई को बढ़ाया है सरकार ने ना केवल यूपी को बर्बाद किया है महंगाई बढ़ाई है। जमीन पर विकास नही है सरकार ने सिर्फ नाम बदलने का काम किया है। हमारे काम का उद्घाटन कर रहे है हमारे कामों का नाम बदल कर उद्घाटन कर रहे है।”


अखिलेश यादव के समाजवादी विजय रथ यात्रा पर सवार होते ही समाजवादियों ने गगनभेदी नारों से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर ढोल नगाड़ों और और नारों की गूंज कार्यकर्ताओं के जोश को बढ़ाने का काम कर रही थी। हर तरफ सपा के झंडे, लाल टोपी का जोर दिखाई दिया। सड़कों के दोनों किनारे पर रथ यात्रा के स्वागत के लिए भारी भीड़ रही। अखिलेश यादव के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और आम जनता ने गोरखपुर में कई किलोमीटर तक मानव श्रृंखला बनाई। हजारों की संख्या में आम जनता, सपा नेता और कार्यकर्ता, झंडे बैनर लेकर जिंदाबाद के नारे लगाते हुए रथ यात्रा में शामिल रहे। विजय रथ यात्रा में नौजवानों की जबरदस्त भागीदारी रही। ऐसा उत्साह इससे पहले किसी नेता के स्वागत में नहीं देखा गया। पूरा गोरखपुर आज समाजवादी पार्टी के नारों से गूंजता रहा। इसके साथ ही जन मन में यह विश्वास भी घर कर गया है कि सपा की सरकार बनने की इबारत सुनहरे अक्षरों में लिख गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button