जीप से कुचलने वाला जेल से बाहर-अखिलेश

  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रामपुर जनपद में कई जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अन्यायी और झूठी है। भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। जनता को इनके झूठे वादों पर कोई भरोसा नहीं रह गया है। अब भाजपा के झूठ का जवाब जनता देगी। उन्होंने कहा पहले चरण के चुनाव में किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, महिलाओं ने भाजपा का सफाया कर दिया है। अब दूसरे चरण के चुनाव में भी भाजपा का नामोनिशान मिट जाएगा।श्री यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खान साहब ने विश्वविद्यालय बनाया है। शिक्षा के लिए बड़ा काम किया है। छात्रों और नौजवानों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए काम किया है। क्या वे किताब चोरी और पेड़ चोरी करेंगे। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसकी जितनी छोटी सोच होती है उतने छोटे आरोप भी लगाता है।श्री यादव ने कहा कि किसानों को जीप से कुचलने वाला जेल से बाहर आ गया और विश्वविद्यालय बनाने वाला गरीबों को शिक्षा दिलाने वाला 2 साल से झूठे मुकदमों में जेल में है। यही भाजपा का न्यू इंडिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में किसानों को जीप से कुचल कर मार देने का कोई दूसरा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा। भाजपा सरकार उद्योगपतियों को फायदे के लिए तीन काले कृषि कानून लाई थी। लेकिन हमारे किसानों ने आंदोलन से भाजपा सरकार को झुका दिया। इस आंदोलन में 700 किसान शहीद हुए। लेकिन जब देश और प्रदेश के दूसरे हिस्सों के किसान हमारे किसानों के समर्थन में उतर आए तो भाजपा डर गई। उसने तीन काले कृषि कानूनों को वापस ले लिया। लेकिन इनका भरोसा नहीं है।


 अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान साहब विश्वविद्यालय बनाकर आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का काम कर रहे थे, लेकिन भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं अखिलेश यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खान साहब और अब्दुल्ला आजम को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में रखा गया। अब्दुल्ला आजम परेशानी से निकलकर बाहर आ गए हैं लेकिन मोहम्मद आजम खान साहब दो साल से अभी भी जेल में हैं। भाजपा सरकार ने उनके ऊपर झूठे मुकदमे लगाए हैं। मुकदमे भी पेड़ चोरी, किताब चोरी और बकरी चोरी जैसे हैं।भाजपा सरकार ने झूठे मुकदमे लगाए। श्री यादव ने कहा कि झूठे मुकदमे की उम्र ज्यादा नहीं होती है। झूठे मुकदमों का भी सफाया होगा।श्री यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल भ्रष्टाचार कर रही है। भाजपा सरकार ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। लेकिन आज हर स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ गया है। सपा सरकार आने पर थाने और तहसीलों को भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे। प्रदेश की जनता को महंगाई, बेरोजगारी से राहत दिलाएंगे। भाजपा सरकार ने आम जनता और किसानों को महंगी बिजली दिया और ऊपर से मुकदमे भी कर दिए। समाजवादी सरकार आने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देंगे और साथ में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह से फ्री होगी। गन्ना किसानों को गन्ने के भुगतान के लिए धरना नहीं देना पड़ेगा। सरकार की बजट से कार्पस फंड बनाएंगे और किसानों के गन्ने का 15 दिन के अंदर भुगतान करेंगे। किसानों को 2 बोरी डीएपी और 5 बोरी यूरिया भी दी जाएगी।
   
   अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी पार्टी है। यह कुछ भी कर सकती है। समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने पर आंदोलन में शहीद किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए देकर मदद करेंगे। शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र संविधान और हक बचाने का चुनाव है। भाजपा जिस तरह का काम कर रही है, हो सकता है कि वह आने वाले समय में संविधान ही बदल दे।श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी नौजवानों की गर्मी निकालने की बात करते हैं। हमारी सरकार आएगी तो हम नौजवानों को नौकरी के लिए भर्ती निकालेंगे। भाजपा सरकार में किसी भी फसल की कीमत नहीं मिली। समाजवादी सरकार बनने पर हर फसल के लिए एमएसपी देंगे।


   अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार गरीबों की नहीं उद्योगपतियों की सरकार है। कोरोना काल में हमारे गरीब और गरीब हो गए। बड़ी संख्या में लोगों की नौकरी चली गई, लोग बेरोजगार हो गए लेकिन कुछ उद्योगपतियों की संपत्ति लगातार बढ़ रही है। एक उद्योगपति जो पीछे थे, अब वह देश के सबसे बड़े उद्योगपति हो गए हैं।भाजपा सरकार सब कुछ बेच रही है। हवाई जहाज, बेच दिया, एयरपोर्ट बेच, दिया पानी के जहाज बेच दिया, बंदरगाह बेच दिया, ट्रेनें बेच रहे हैं, रेलवे स्टेशन बेच रहे हैं। अगर सब कुछ बिक जाएगा तो हमारे नौजवानों को हक और नौकरी कहां मिलेगी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस सिस्टम को मजबूत करेंगे। भाजपा ने डायल 100 का 112 करके पुलिस का कबाड़ा कर दिया।समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए योजना है। योजना बनाकर उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे। किसी के साथ अन्याय और अत्याचार नहीं होगा। सभी को उनका हक और सम्मान मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button