11 सितंबर को आईटीआई लखनऊ में लगेगा विशाल महिला रोजगार मेला। हीरो मोटोकॉर्प, हिंदुस्तान यूनिलीवर समेत चार प्रमुख कंपनियां करेंगी प्रतिभाग।
लखनऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में महिलाओं एवं युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को विशाल रोजगार एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस तथा अल्मास एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड सहित चार प्रमुख कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। चयन प्रक्रिया में कैंपस प्लेसमेंट के साथ ही वॉक-इन इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। आईटीआई एवं अन्य शैक्षिक योग्यता रखने वाली इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न पदों पर चयन का अवसर उपलब्ध होगा।
प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां ने बताया कि हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, हरिद्वार प्लांट में केवल छात्राओं के लिए कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया जाएगा। कंपनी द्वारा 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं पास तथा फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, टर्नर, पेंटर, COPA, ट्रैक्टर मैकेनिक आदि आईटीआई ट्रेड में NCVT/SCVT पासआउट वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 की छात्राएं तथा अपीयरिंग छात्राएं पात्र होंगी। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 26,450 रुपये सीटीसी तथा लगभग 18,487 रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ कैंटीन, यूनिफॉर्म, ईएसआई एवं मेडिकल जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, सुमेरपुर (हमीरपुर) प्लांट में ट्रेनी पद के लिए 15 महिलाओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए 21 से 29 वर्ष की आयु की महिलाएं पात्र होंगी। इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर एवं इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक ट्रेड में आईटीआई पासआउट अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन मिलेगा।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस द्वारा लखनऊ लोकेशन के लिए फाइनेंशियल कंसलटेंट (एडवाइजर) पद पर वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 18 से 30 वर्ष की आयु की 12वीं पास अथवा स्नातक महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। कॉलिंग वर्क के अंतर्गत 20,000 रुपये प्रतिमाह तक की आय (पेयआउट) का अवसर उपलब्ध होगा।
इसी प्रकार अल्मास एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, जानकीपुरम विस्तार, लखनऊ में महिला टेलर के पदों पर भर्ती की जाएगी। सिलाई-टेलरिंग में दक्ष अथवा फ्रेशर, 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं इसमें शामिल हो सकती हैं। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 8,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाली सभी इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाणपत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज, अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र तथा बायोडाटा साथ लाना होगा। अभ्यर्थियों को 11 सितंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ के विवेकानंद हॉल एवं परिसर में उपस्थित होना होगा।



