‘‘स्वामी विवेकानन्द ऐतिहासिक पर्यटन यात्रा योजना’’

श्रमिकों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन हेतु ‘‘स्वामी विवेकानन्द ऐतिहासिक पर्यटन यात्रा योजना’’ के अन्तर्गत 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी ‘‘महादेवी वर्मा पुस्तक क्रय आर्थिक सहायता योजना’’ के अन्तर्गत कारखानों में कार्यरत श्रमिकों की उच्च शिक्षा में अध्ययनरत पुत्रियों को पुस्तकें क्रय करने हेतु 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने का लिया गया निर्णयश्रम कल्याण परिषद की तीन योजनाओं को लागू किये जाने के सम्बन्ध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न। 

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में उ0प्र0 श्रम कल्याण परिषद की बैठक आहूत की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रम सुरेश चन्द्रा द्वारा तीन योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया।

मुख्य सचिव ने श्रमिकों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन हेतु ‘‘स्वामी विवेकानन्द ऐतिहासिक पर्यटन यात्रा योजना’’ के अन्तर्गत 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये। उन्होंने इस योजना को आईसीटीसीआर अथवा पर्यटन विभाग की किसी अन्य योजना के माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में ‘‘महादेवी वर्मा पुस्तक क्रय आर्थिक सहायता योजना’’ के अन्तर्गत कारखानों में कार्यरत श्रमिकों की उच्च शिक्षा में अध्ययनरत पुत्रियों को पुस्तकें क्रय करने हेतु 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त श्रमिकों के ऐसे बच्चे जो कि खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिला स्तर पर चयन होने पर 10 हजार रुपये, राज्य स्तर पर 25 हजार रुपये, राष्ट्रीय स्तर पर 50 हजार रुपये तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर 01 लाख रुपये की धनराशि प्रोत्साहन स्वरुप प्रदान की जायेगी। लाभार्थियों के चयन हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति में क्षेत्रीय उप श्रमायुक्त तथा जिला खेल अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया जायेेगा।बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रम सुरेश चन्द्रा सहित सम्बन्धित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button