सेवा पखवाड़ा का संकल्प हुआ पूर्ण

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से प्रारम्भ हुआ सेवा पखवाड़ा महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान तथा स्वावलम्बन की आधार  खादी के क्रय तथा बापू के स्वप्न के भारत निर्माण का संकल्प लेकर पूर्ण हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक सहित पार्टी के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, आयोग, निगम, बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, निकायों के अध्यक्ष व पार्षद, त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्यों सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जन्म जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा स्वच्छता अभियान में सहभागिता व स्वदेशी को प्रोत्साहित करते हुए बढ़चढ़ कर खादी व स्थानीय उत्पादो की खरीददारी करके आत्मनिर्भर भारत निर्माण का संकल्प लिया।  


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सादाबाद, हाथरस में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी जयंती 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न सेवा कार्यों के संकल्प के साथ कार्य किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सेवा, समर्पण व राष्ट्र की आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित रहा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जीवन भी वैभवशाली राष्ट्र निर्माण, गरीब, वंचित, शोषित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की पूर्णता के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अनवरत कार्य करने वाला देश में एकमात्र ऐसा राजनैतिक दल है जो सेवा कार्यो के माध्यम से जनसरोकार के कार्यो से जुड़ता है। कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना जरूरतमंदों तक भोजन, दवाई व अन्य आवश्यक वस्तुओं के साथ चिकित्सीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हुए सेवा को ही संगठन मानकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस, सपा, बसपा सहित तमाम विपक्षी दल चुनाव के समय सक्रिय होते हैं जबकि भाजपा के कार्यकर्ता चौबीसो घंटे सातों दिन कार्य करते है। श्री सिंह ने कहा कि हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को अनवरत कार्य करने तथा जन-जन की सेवा करने की प्रेरणा महात्मा गांधी जी के सेवा तथा स्वावलम्बी राष्ट्र को समर्पित जीवन तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के राष्ट्र व लोक की सेवा को समर्पित जीवन से प्राप्त होती है।


उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत नर सेवा-नारायण सेवा के संकल्प के साथ रक्तदान, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान, जल ही जीवन अभियान, स्थानीय उत्पादो के प्रोत्साहन के लिए वोकल फॉर लोकल, दिव्यांगों को कृत्रिम अंग व उपकरणों का वितरण, एक भारत श्रेष्ठ भारत को आत्मसात करके विविधता में एकता कार्यक्रम, टीबी मुक्त राष्ट्र के संकल्प के साथ अभियान, वृक्षारोपण, कोविड टीकाकरण के लिए जागरूकता अभियान आदि कार्यक्रमों व अभियानों की श्रृंखला के साथ भाजपा जन सरोकार के कार्यो से जुड़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button