अखिलेश यादव करहल से करेंगे कमाल

अखिलेश यादव ने आज मैनपुरी की कलेक्ट्रेट में पीठासीन अधिकारी के समक्ष करहल विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव एवं तेज प्रताप यादव, स्थानीय विधायक सोबरन सिंह उनके साथ थे। अखिलेश यादव सैफई से विजय रथ पर सवार होकर मैनपुरी तक पहुंचे थे। पूरे रास्ते में जगह-जगह उनका गर्म जोशी से स्वागत हुआ। जवान, बच्चे-बुजुर्ग-महिलाएं और किसान बड़ी संख्या में उनके जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। नामांकन के पश्चात अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी से नेताजी और समाजवादी पार्टी से पुराना रिश्ता रहा है। यहां के लोगों ने हमेशा समाजवादी पार्टी के साथ खड़े होकर सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाया है और नकारात्मक राजनीति को पीछे किया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि वे करहल से चुनाव जिताने के साथ आसपास की सीटों पर भी समाजवादी पार्टी को मौका दें।

करहल में चुनाव के तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है। कांग्रेस ने इस सीट से ज्ञानवती यादव को और बसपा ने कुलदीप नारायण को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि इस सीट पर भाजपा ने एस0 पी0 सिंह बघेल को उम्मीदवार घोषित किया है। एस0 पी0 सिंह बघेल आगरा से सांसद एवं केंद्र सरकार में मंत्री हैं। आज उन्होंने भी अपना नामांकन किया है।


    श्री यादव ने पत्रकारों से वार्ता में सर्वप्रथम अपने प्रस्तावकों, पार्टी नेताओं तथा करहल मैनपुरी की जनता को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि यहां ऐतिहासिक चुनाव परिणाम के साथ खुशहाली आएगी। जो लोग नाकारात्मक राजनीति कर रहे है उन्हें यहां की जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि अपना चुनाव पार्टी के नेताओं और स्थानीय जनता पर छोड़ दिया है। मौका मिलने पर आएंगे, तो लोगों ने कहा कि वे निश्चिंत रहे जनता उन्हें विशाल बहुमत से जिताएगी। भाजपा के हर षड्यंत्र और साजिश का जनता जवाब देगी।अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा अपराधी भाजपा में हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के ऊपर गम्भीर मुकदमे रहे हैं यह भाजपा के लोग खुद नहीं बता पाएंगे। अपराधियों को लेकर भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अब तक 99 अपराधी प्रत्याशियों को टिकट दे दिया है। यह अंक थोड़ा अच्छा नहीं लग रहा है इसलिए उनको यह संख्या 100 से पार कर देना चाहिए।

अखिलेश यादव ने अपनी, पत्नी डिंपल यादव और समेत बच्चों की चल अचल संपत्ति का ब्यौरा दिया है। हलफनामे के अनुसार उनके पास करीब 40 करोड़ रुपये की संपत्ति है। अखिलेश के पास महज 1.79 लाख और पत्नी डिंपल यादव के पास 3.32 लाख रुपये नकद हैं।अखिलेश के नाम पर सात और डिंपल यादव के नाम पर 11 बैंक खाते हैं। उन्होंने अपनी कमाई का मुख्य जरिया कृषि और लोकहित,वेतन,किराया बताया है। पत्नी डिंपल यादव की आय का स्त्रोत पूर्व सांसद पेंशन, किराया और खेती है।बैंक खातों में अखिलेश के पास 5.56 करोड़ और डिंपल यादव के खाते में 2.57 करोड़ रुपये जमा हैं। दोनों को मिलकर कुल 26.83 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। बेटी अदिति यादव के पास भी 10.39 लाख रुपये की चल संपत्ति है।


      अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने संविधान विरोधी काम किया है। किसानों, नौजवानों, दलितों, पिछड़ों, महिलाओं के साथ धोखा किया है। जनता भाजपा के झूठ और धोखे का सफाया करेगी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। कर्मचारी पुरानी पेंशन की बहाली चाहते हैं और मुख्य सचिव बैठक करके नई पेंशन के फायदे बता कर गुमराह कर रहे है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा उद्योगपतियों के लिए बजट ला रही है। इसने गरीबों किसानों और मध्यम वर्ग की उपेक्षा की है। समाजवादी सरकार बनने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री दी जाएगी। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त दी जाएगी। माताओं बहनों को समाजवादी पेंशन 18000 रू0 प्रतिवर्ष दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button