जनसंपर्क और जनसंवाद के साथ क्षेत्र भ्रमण पर रहीं जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा जाति-धर्म की राजनीति तोड़कर ही दम लेंगे।
मिर्जापुर। जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने आज क्षेत्र के कई स्थानों का दौरा कर जनसंपर्क किया और जनसंवाद कार्यक्रमों में लोगों से सीधा संवाद किया। दिनभर चले कार्यक्रम में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। दौरे की शुरुआत बलहरा मोड़ पर स्वागत से हुई। इसके बाद अमोई में उन्होंने जनसंपर्क किया। सुगापाख में स्वागत के बाद जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों से बातचीत की और खांतारा में भी लोगों ने उनका स्वागत किया। मड़िहान तहसील में जनसंवाद हुआ, जबकि मड़िहान बाजार में स्वागत के साथ उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से संपर्क किया। चिखुड़िया में भी जनसंवाद का आयोजन हुआ।
राजगढ़ बाजार में दिव्या मित्तल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन भाँवा बाजार में स्वागत एवं जनसंपर्क के साथ हुआ। जनसंवाद के दौरान दिव्या मित्तल ने कहा, “जब मैंने जनता के हक़ के लिए आवाज़ उठाई, तो मेरा तबादला कर दिया गया। मैंने तय किया कि अब पद की नहीं, जनता की सेवा करूँगी, इसलिए अपने पद से इस्तीफ़ा देकर आपके बीच आई हूँ। मैं आपके हक़ की लड़ाई लड़ने आई हूँ, अब यह फ़ैसला आपको करना है कि आप मुझे किस रूप में अपने साथ रखेंगे।”
जातिवाद और धर्म की राजनीति पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “जाति और धर्म के नाम पर समाज को बाँटने वाली राजनीति ने जनता के असली मुद्दों को पीछे धकेल दिया है। जब तक हम इस राजनीति को जड़ से समाप्त नहीं कर देंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। यह लड़ाई जारी रहेगी।”



