अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन पर्व पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबंधन के दिन भाई अपने बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं। रक्षाबंधन ऐसा त्यौहार है जिसे दुनिया भर में भारतीय ही मनाते हैं। रक्षाबंधन के दिन हम सभी लोग बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेते हैं। आने वाले समय में समाजवादी सरकार में बहनों की स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए काम करेंगे तथा निर्णय लेंगे, गैर बराबरी को दूर करेंगे। अखिलेश यादव ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानो की समस्याओं, खाद संकट को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के सामने संकट पैदा किया है, भाजपा सत्ता से हटेगी तभी संकट खत्म होगा।
जब जब त्यौहार आता है, भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा देती है। देश में महंगाई बढ़ने का कारण मुनाफाखोरी है। भाजपा सरकार ने मुनाफा कमाने के लिए उद्योगपतियों को खुली छूट दे दी है। मिलावट रोकने के लिए कानून है लेकिन सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर खुद मिलावटखोरी कर रही है। सोची समझी रणनीति के तहत पेट्रोल में मिलावट और चीनी को महंगी करके कुछ लोगों को लाभ पहुंचाकर उनसे चुनाव में चंदा लिया जाएगा। उन्होंने कहां कि ऐसा लगता है कि चंदे के लिए मुनाफाखोरी करके महंगाई बढ़ाई जा गई है। मुनाफे में बंटवारा हो रहा है। चीनी के साथ ही डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमतें बढ़ गई है। बाजार में खाने-पीने के समान भी बहुत महंगे हो गए हैं। महंगाई के कारण त्यौहार फीके हो गए हैं, बाजार में रौनक नहीं है। आम जनता महसूस कर रही है कि जब-जब त्यौहार आता है तब महंगाई बढ़ जाती है। महंगाई से होने वाला मुनाफा चंदे के रूप में भाजपा के पास पहुंच रहा है।
भाजपा सरकार द्वारा लखनऊ में जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को बेचने पर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने जेपी (जयप्रकाश नारायण) को बेंच दिया, जो लोग जेपी को बेंच सकते हैं, उनसे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। भाजपा ने अपने गठन के समय जेपी की तस्वीर को मंच पर लगाया था, भाजपा सरकार ने उन्हीं जेपी के नाम पर बनाई गई सिग्नेचर बिल्डिंग जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को बेंच दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा इतनी बदनाम हो गई है कि उसको कोई खरीदने वाला नहीं है, नहीं तो भाजपा के लोग भाजपा को भी बेंच देते।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के सामने संकट पैदा किया है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। पहले खाद की बोरी से चोरी हुई, अब तो पूरी बोरी ही गायब हो गई। यह सरकार किसानों को उनकी फसलों की कीमत नहीं दे रही है। किसानों को मक्का, आलू, सरसों, गन्ना समेत अन्य फसलों की सही कीमत नहीं मिली। किसानों को हर फसल में घाटा हो रहा है। भाजपा सरकार बड़ी-बड़ी कंपनियों से एमओयू कर रही है, जिसके बाद किसान के हाथ में खेती ही नहीं बचेगी। यह सरकार जो काम तीन काले कानून लाकर करना चाहती थी, वह नहीं पाई। अब उन कामों को दूसरे तरीके से कर रही है। सरकर जब बड़ी-बड़ी कंपिनयों से एमओयू कर लेगी तो गरीब किसान क्या करेेगा? एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे समाज और हमारे देश भारत मे सभी लोग हजारों सालों से मिलजुल कर रहते हैं।
हम लोगों ने एक- दूसरे की संस्कृति को अपनाया है, एक- दूसरे से सीखा है। यही हमारी खूबसूरती है। भारत में अनेक जाति और धर्म के लोग एक -साथ मिलकर रह रहे हैं। देश की तरक्की में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंग्रेजों की तरह पाबंदियां लगा रही है।
आज अगर कोई प्राइमरी स्कूल की तस्वीर खींच लेता है और दुर्दशा दिखा देता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रही है। सामंतवादी, वर्चस्ववादी और ताकतवर लोग गरीबों को शिक्षा से दूर करना चाहते हैं। वे नहीं चाहते कि गरीब पढ़े लिखे। अगर लोग पढ़ लिख लेंगे तो सवाल करेंगे, भाजपा सवाल से ही घबराती है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर अवैध काम हो रहे हैं। भाजपा के मंत्री और विधायक जमीनों पर कब्जा करवा रहे हैं। जमीनों की लूट करवा रहे हैं। भाजपा सरकार ने इटावा लायन सफारी को बर्बाद कर दिया। स्टेडियम बर्बाद कर दिया, स्कूल कॉलेज बंद कर दिये। भाजपा के पास नफरत फैलाने के अलावा कोई काम नहीं है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हैं। पूरे प्रदेश में फ्लू फैला है। लोगों को दवा और इलाज नहीं मिल पा रहा है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को राखी बांधकर उनकी सफलता और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया। अखिलेश यादव ने सभी को उपहार देकर उनका सम्मान किया किया और रक्षाबंधन की बधाई दी।



