भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग वेंटिलेटर पर है। स्वास्थ्य विभाग को खुद इलाज की जरूरत है। मरीज इलाज के लिए भर्ती होते हैं तो उनका इलाज किसी और मर्ज का कर दिया जाता है। इससे कई मरीजों को जान चली गयी। अखिलेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी अपने घोषणा पत्र में चिकित्सा और इलाज को लेकर कई चीजें शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि अस्पतालों में गरीबों से कोई कार्ड न मांगा जाय। गरीबों का इलाज मुफ्त होना चाहिए। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर गरीबों से कोई कार्ड नहीं मांगा जाएगा, उनका इलाज मुफ्त होगा।


अखिलेश यादव ने समाजवादी आडिट वेंटीलेटर पर स्वास्थ्य विभाग नामक पुस्तिका जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही चरम पर है।  स्वास्थ्य विभाग की दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी अस्पतालों में 41 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। डाक्टरों के छह हजार पद खाली है। नर्सिंग और पैरामेडिकल के 24 हजार पद खाली है। गोरखपुर एम्स में डॉक्टरों के 604 पद खाली है। गोरखपुर एम्स बनाने के लिए जमीन समाजवादी पार्टी की सरकार में दी गयी थी। भाजपा सरकार गोरखपुर एम्स को नहीं चला पा रही है।

रायबरेली एम्स को भी जमीन समाजवादी पार्टी की सरकार में दी गयी थी। भाजपा सरकार उसे भी नहीं चला पा रही है। रायबरेली एम्स में करीब 600 डाक्टरों की कमी है। प्रदेश में गरीबों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री जी खुद गोरखपुर के हैं वहां पर 70 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कम हो गए है। आगरा, प्रयागराज और प्रदेश के अन्य जिलों में यही हाल है। प्रदेश में 16 हजार की आबादी पर सिर्फ एक डाक्टर है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन डाक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की भारी कमी है। इलाज में लापरवाही होती है। एक अस्पताल में एक मरीज को एनेस्थीसिया दिया गया, वह होश में ही नहीं आया। मरीज की मौत हो गयी। लापरवाही से मौतों के मामले में लखनऊ नम्बर एक पर है। जिलों-जिलों का यही हाल है। लापरवाही से मौत के मामले में सहारनपुर नम्बर दो और गोरखपुर नम्बर तीन पर है। आगरा, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, अमेठी, बाराबंकी, आजमगढ़, बलिया समेत कई जिलों से खबरें है कि इलाज में लापरवाही के कारण जच्चा-बच्चा की मौत हो गयी। पुस्तिका में वाराणसी, बस्ती, प्रयागराज, लखनऊ, आगरा समेत अन्य मंडलों का मंडल और जिलेवार आकड़ों को जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का बहुत बुरा हाल है। अस्पतालों में मेडिकल सामानों की स्थिति खराब है।


प्रदेश में सरकारी अस्पताल कम हो रहे हैं, प्राइवेट अस्पताल बढ़ रहे है। सीतापुर, पीलीभीत, कौशाम्बी, बस्ती, अयोध्या हर जिले का यही हाल है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में गरीबों का इलाज फ्री था। समाजवादी पार्टी और नेताजी ने इस तरह के अस्पताल बनवाना शुरु किया था, जहां गरीबों का इलाज फ्री था। लखनऊ के लोहिया अस्पताल में किसी से कोई पूछताछ नहीं होती थी। गरीबों को इलाज फ्री होता था। उन्होंने कहा कि इधर कैंसर की बीमारी तेजी से बढ़ रही है। कैंसर का इलाज महंगा होता है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान बनाया है। भाजपा सरकार ने इसे अपने एक नेता के नाम पर कर दिया लेकिन वहां कोई इलाज नहीं मिल रहा है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि जनता मंदिर में चढ़ावा चोरी करने वाले धर्मद्रोही, अधर्मी गिरोह को हटाएगी तभी अच्छा इलाज और सुविधाएं मिलेंगी।


    अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और लापरवाही चरम पर है। रक्षाबंधन त्योहार पर बसों की स्थिति खराब रही। फ्री बस चलाने की बात हो रही थी लेकिन माताएं-बहने भटकती रहीं। बसें नहीं मिली। सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया। सरकार  झूठ बोलती रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। शामली में हरियाणा के गायक अंकित बलियान की जघन्य हत्या हो गयी। एक होनहार गायक की दिनदहाड़े हत्या हो गयी। 18 गोलियां मार कर जान ले ली। उनके घर-परिवार के लोग, माता-पिता, भाई, पत्नी सब न्याय की मांग कर रहे हैं। यूपी और हरियाणा दोनों जगह भाजपा की सरकार है।


    उत्तर प्रदेश में लखीमपुर, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती समेत अन्य जिलों में बड़े पैमाने पर जंगली पशुओं के हमले में लोगों की जान गयी है लेकिन भाजपा सरकार को कोई परवाह नहीं है। प्रदेश में लगातार हिरासत में मौतें हो रही हैं। बदायूं में आज ही हिरासत में मौत हो गयी। पुलिस ले गयी और पीट-पीट कर हत्या कर दिया। पुलिस हिरासत में मौतों के मामले में यूपी देश में सबसे ऊपर है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।


अखिलेश यादव ने कहा कि न कभी तानाशाही चली थी न कभी गानाशाही चलेगी। तानाशाही भी चली जाएगी और गानाशाही भी चली जाएगी। जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल केन्द्र को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जेपीएनआईसी से समाजवादियों का भावनात्मक लगाव है। समाजवादियों के लिए वह इमोशनल जगह है। जयप्रकाश जी ने सम्पूर्ण क्रांति का अह्वान किया था, उस समय देश में राजनीतिक बदलाव आया। जेपीएनआईसी का शिलान्यास नेताजी और जार्ज फर्नांडीज समेत तमाम समाजवादियों की मौजूदगी में हुआ। हमे जेपीएनआईसी बनाने का मौका मिला। वह यूपी में अपने आप में अलग तरह की बिल्डिंग है। मुख्यमंत्री जी तो आर्किटेक्ट के बार में कुछ नहीं जानते हैं। सरकार ने वह बिल्डिंग जितने में बेंची है उतना पैसा तो सिर्फ पर्किंग से आ जाएगा। इस बिल्डिंग में 1200 गाड़ियों को पार्क करने की जगह है। बिक जाने के बाद अब सरकार को भी वहां कार्यक्रम करने के लिए पैसे देने पड़ेंगे। जेपीएनआई में लॉन टेनिस के लिए दो इंडोर कोर्ट हैं। वर्ल्ड क्लास हीटेड स्विमिंग पूल है। अन्य स्पोर्ट की सुविधाएं है। दो फाइव स्टार के बीच की महंगी जगह है। सबसे शानदार बिल्डिंग है। भाजपा सरकार ने जेपीएनआईसी के साथ ही प्लासियो मॉल, किसान बाजार, बस स्टैंड बेंच दिया।


    अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने स्वजातीय लोगों को किसान बाजार बेंच दिया। स्वजातीय लोगों को एक्सप्रेस-वे और पीडब्ल्यूडी के बड़े-बड़े ठेके दिए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का मेंटीनेस नहीं किया अपनी जेबे भर ली। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे में बड़े पैमाने पर गोलमाल किया है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे 90 किलोमीटर पर सात हजार करोड़ से ज्यादा खर्च कर जमकर गोरखधंधा किया गया। इन भ्रटाचारियों, चंदाचोरो और अधर्मी लोगों को भगवान माफ नहीं करेगा। भाजपा सरकार ने चीनी महंगी कर दी। पेट्रोल, डीजल महंगा कर दिया। खाने पीने की सब चीजें महंगी कर दी। सरकार में कमीशनखोरी और मिलावटखोरी हो रही है। समाजवादी सरकार बनने पर डा. राम मनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति को लागू करके जरूरत की चीजों के दाम कम करेंगे।


    अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट से यह बात सामने आ गयी कि भाजपा ने बंगाल में वोटर लिस्ट हेराफेरी कर चुनाव जीता है। यूपी के लोग सावधान रहे, चुनाव से पहले ये लोग फिर एसआइआर कराएंगे। फिर एक नई वोटर लिस्ट बनाएंगे। इनके साजिश और षडयंत्र से सावधान रहना है।इस सरकार के पास अब छह महीने नहीं है। चार महीने में चुनाव की घोषणा हो जाएगी। सौ दिन बचे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी अपना मॉडल जनता के सामने रख रहे हैं कि ‘सामने से किसी को JPNIC दे दो फिर उसके बदले ईंट नहीं बल्कि ‘सोने की सिल्ली’ ले लो। भाजपा राज में भ्रष्टाचार का स्वर्ण ठोसीकरण जिस तरह से हो रहा है, उसकी पोल भी एक दिन ‘राम मंदिर में चोरी’ की तरह खुलेगी फिर ये भी डायरी लिखकर पूछेंगे कि भेदिया कौन है? धर्मघात करनेवाले भाजपाई धर्मद्रोहियों ने जब लोकरक्षक प्रभुराम को नहीं छोड़ा तो वो लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी को क्या छोड़ेंगे। इनकी स्वर्ण सिल्लियाँ भी इनके गुप्त खजाने से बाहर निकाली जाएंगी और इनका धर्म के नाम पर किया गया ढोंग का मुखौटा भी एक दिन उतर जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि 7 हजार करोड़ क्या 70 हजार करोड़ भी इनकी छवि को सुधार नहीं सकता है। सबका नंबर लगेगा।

Related Articles

Back to top button