भारत मंडपम में 12-15 अगस्त तक भारतीय व्यापार महोत्सव, अमित शाह करेंगे शुभारंभ

आधार कार्ड की तरह ही व्यापारियों का एक ही लाइसेंस पर सारे व्यापार करने की व्यवस्था होनी चाहिए।टेक्नोलॉजी ,कम्युनिकेशन, नेटवर्क एवं लॉजिस्टिक्स पर फोकस करने से बढ़ेगा व्यापार।—- प्रवीण खंडेलवाल

राजधानी के व्यापारी बड़ी संख्या में भारतीय व्यापार महोत्सव में लेंगे हिस्सा। बड़े सपने देखे बड़ा सोचे व्यापारी। मेहनत एवं ईमानदारी से काम करने पर तरक्की होना तय है।— संजय गुप्ता

लखनऊ। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजधानी लखनऊ के राणा प्रताप मार्ग स्थित सिल्वेट होटल में “व्यापारी जागरूकता सम्मेलन” एवं “भारतीय व्यापार महोत्सव जागरूकता बैठक” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में व्यापारियों को आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव की जानकारी दी गई और व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आधुनिक तकनीक, नेटवर्किंग और लॉजिस्टिक्स पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव में कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री तथा देश-विदेश के हजारों व्यापारी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे।

1000 से अधिक स्वदेशी कंपनियां लगाएंगी प्रदर्शनी

प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि महोत्सव में 1000 से अधिक स्वदेशी कंपनियां अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिला उद्यमी, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, एमएसएमई और ट्रेडर्स अपने नवाचार एवं उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इससे व्यापारियों को नए व्यापारिक अवसर, नेटवर्किंग और निवेश के बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे।

व्यापारियों के लिए एक ही लाइसेंस की व्यवस्था हो

सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि जिस प्रकार नागरिकों के लिए आधार कार्ड है, उसी प्रकार व्यापारियों के लिए भी एक “व्यापार कार्ड” होना चाहिए, ताकि एक ही लाइसेंस के माध्यम से विभिन्न प्रकार के व्यापार संचालित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि जीएसटी के तहत 400 से अधिक वस्तुओं पर कर दरों में कमी आई है, लेकिन अभी भी इस दिशा में सुधार की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि टेक्नोलॉजी, कम्युनिकेशन, नेटवर्किंग और लॉजिस्टिक्स को मजबूत बनाकर देश के व्यापार को नई गति दी जा सकती है।

बड़े सपने देखें, बड़ा सोचें: संजय गुप्ता

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं CAIT के राष्ट्रीय संगठन मंत्री (नॉर्थ जोन) संजय गुप्ता ने व्यापारियों से बड़ी सोच और दीर्घकालिक व्यापारिक योजनाएं बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “व्यापारी यदि बड़े सपने देखेंगे और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेंगे, तो सफलता निश्चित है। मेहनत और ईमानदारी का कोई विकल्प नहीं है।”

संजय गुप्ता ने आश्वस्त किया कि आदर्श व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ से भी बड़ी संख्या में व्यापारी भारतीय व्यापार महोत्सव में भाग लेने दिल्ली जाएंगे।

बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद

सम्मेलन में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, आसिफ किदवई, गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश महामंत्री शशिकांत शर्मा, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौर, नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, नगर महामंत्री राजन मिश्रा, मोहित कपूर, राजीव शुक्ला, आशीष गुप्ता, संजय त्रिवेदी, महिला इकाई की अध्यक्ष अनिला अग्रवाल, डॉ. साकेत चतुर्वेदी, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, ट्रांस गोमती उपाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद रिजवान, मसीह उजमा गांधी सहित संगठन की विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button