लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि छात्र, नौजवान और विपक्ष चाहता है कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो। नीट पेपर लीक पर चर्चा हो, छात्रों के साथ हुई ज्यादती की जिम्मेदारी तय हो। लेकिन भाजपा सरकार अहंकार में है। सरकार न किसी की सुनती है और न सुनना चाहती है। संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए डिम्पल यादव ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की जरूरत है। परीक्षाओं को लेकर बहुत शिकायतें है।
भाजपा सरकार में 150 से ज्यादा पेपर लीक हुए है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर देश भर से छात्र जन्तर-मन्तर आये है। सरकार के इशारे पर पुलिस ने छात्र-नौजवानों के साथ बर्बरता की। लाठीचार्ज किया, छात्रों के सिर फोड़े, छात्राओं के कपड़े फाड़े, दिल्ली पुलिस ने बच्चों के साथ बहुत ज्यादती की है। दिल्ली पुलिस केन्द्र सरकार और गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। छात्र-नौजवानों के साथ हुई ज्यादती के लिए होम मिनिस्टर को भी इस्तीफा देना चाहिए। छात्रों का मुद्दा बहुत बड़ा है। देशव्यापी है। दिल्ली के साथ अन्य शहरों, मुम्बई, पटना, प्रयागराज समेत कई जगह प्रदर्शन हो रहे है। देश के हालात को देखते हुए नैतिकता के आधार पर शिक्षा मंत्री को खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए।


