- सत्ता परिवर्तन होते ही अलीगढ़ जेल में शुरू हुई अराजकता।
- कैदी ने सुरक्षाकर्मी पर मारपीट के पास छीनने का लगाया आरोप।
- कैदी का ऑडियो वायरल होने से हुआ घटना का खुलासा।
राकेश यादव
अलीगढ़/लखनऊ। प्रदेश की अलीगढ़ जेल में सुरक्षाकर्मी के पिटाई करके वसूली करने और पैसे छीनने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल की चारदीवारी के अंदर बंद एक सजायाफ्ता कैदी ने जेल प्रशासन और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदी ने अपने परिजनों को जेल के पीसीओ नंबर से की गई कॉल का ऑडियो वायरल कर घटना का खुलासा किया है।
अलीगढ़ जेल से वायरल ऑडियो में कैदी ने आरोप लगाया है कि जेल में तैनात सुरक्षाकर्मी ने उसके साथ मारपीट की, उसके रुपये छीन लिए और विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। अलीगढ़ जेल में पिछले करीब पांच वर्षों से बंद सजायाफ्ता कैदी टीटू ने अपने भाई को फोन कर जेल के अंदर हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी। उसने बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे खाने में कुछ मिलाकर दिया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. इतना ही नहीं उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बैरक बदल दी गई है और उसे किसी भी उच्च अधिकारी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। वायरल ऑडियो में कैदी की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें वह अपने भाई से मदद की गुहार लगाते हुए कह रहा है कि अगर उसके साथ जेल के अंदर कोई अनहोनी हो सकती है। इसकी जिम्मेदारी जेल प्रशासन की होगी।
READ ALSO:नागरिकता के जाल में क्यों फंस रहा आम आदमी?
इस बातचीत के सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पांच वर्षों से बंद है टीटू के भाई संदीप ने बताया कि वह बुलंदशहर जिले के थाना पहासु क्षेत्र के रहने वाले हैं। संदीप के मुताबिक, उनके भाई ने जेल के पीसीओ नंबर से फोन कर उन्हें बताया कि उनके साथ जेल में मारपीट की जा रही है। संदीप ने आरोप लगाया कि जेल में तैनात हेड वार्डर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. पैसे छीनने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा कैदी ने यह भी बताया कि उसे दूध के साथ जलेबी खिलाई गई, जिसमें कुछ मिला होने की आशंका है, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। कैदी के भाई ने बताया कि जब वह अपनी शिकायत किसी अधिकारी तक पहुंचाना चाहता है तो उसे मिलने नहीं दिया जाता है। संदीप का कहना है कि उनका भाई जेल प्रशासन से न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
संदीप ने बताया कि उनके भाई का फोन जेल के पीसीओ नंबर से सप्ताह में करीब दो बार आता है। भाई का आरोप है कि उसके साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है और संभव है कि उसका फोन भी बंद कर दिया जाए. इसके बाद वह अपने भाई से मिलने के लिए जिला कारागार अलीगढ़ पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें मुलाकात नहीं करने दी गई।
जेल अधीक्षक ने बताया कि यह दबाव बनाने की साजिश
अलीगढ़ जेल से वायरल ऑडियो के बाद हुए घटना के खुलासे के संबंध में जब वरिष्ठ जेल अधीक्षक पंकज कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि एक सोची समझी साजिश के तहत यह ऑडियो वायरल कराया गया है। बंदी का जो ऑडियो वायरल कराया गया है वो जेल प्रशासन पर दवाब बनाने के लिए प्रीप्लान के तहत कराया गया है. बंदी को बुलाकर उससे बातचीत की गई है। तो कैदी ने पैसे छीनने व मारपीट जैसी घटना का होने से इनकार कर दिया। उधर एक साल बाद ही मोटी रकम देकर फिरोजाबाद से अलीगढ़ जेल पहुंचे जेलर विकास कटियार ने तो फोन ही उठाना मुनासिब नहीं समझा।



