कांच नगरी फिरोजाबाद ने चीन को भी छोड़ा पीछे:मुख्यमंत्री

  • नवाचार, आधुनिक तकनीक और कुशल कारीगरों के दम पर फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे वैश्विक बाजार में इसकी प्रतिस्पर्धा लगातार मजबूत हुई है।
  • मुख्यमंत्री ने जनपद फिरोजाबाद में 658 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास की चाभी, विभिन्नकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए।
  • सिद्ध सन्त बाबा नीम करौली की जन्मस्थली से जुड़ी सुहाग नगरीफिरोजाबाद ने अपने कारीगरों तथा श्रमिकों के परिश्रम से जनपद कोलोकल से ग्लोबल बनाने की शानदार यात्रा तय की
  • यहाँ के कारीगर और उद्यमी सुहाग नगरी फिरोजाबाद को नयी ऊँचाई प्रदान कर रहे  
  • जब जनता सही जनप्रतिनिधि चुनती, तो जनपद में विकासहोता और फिरोजाबाद की यात्रा लोकल से ग्लोबल बनती।
  • फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग नवाचार का नया केन्द्र बन चुका, इसने चीन को भी पीछे छोड़ा।
  • जब यहाँ के कारीगरों ने नयी तकनीक और डिजाइन को अपनाया तथा प्रोडक्ट्सको मार्केट की डिमाण्ड के अनुसार बनाना शुरू किया, तो बेहतर परिणाम प्राप्त हुए।
  • डबल इंजन सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेजकी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही, प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वनप्रोडक्ट योजना’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन योजना’ संचालित।
  • प्रधानमंत्री जब दुनिया के राष्ट्राध्यक्षों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’का उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट करते, तो सम्पूर्ण प्रदेश गौरव की अनुभूति करता।
  • हाल ही में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत उ0प्र0 में4,300 करोड़ रु0 से अधिक धनराशि अन्नदाता किसानों के खातों में पहुँची।
  • जब नीयत साफ होती है, तो नीति और नियंता अपने आप मार्ग प्रशस्त करते।
  • आज उ0प्र0 में पर्यटन केन्द्रों का विकास किया जा रहा।
  • लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने हम सभी को अपने कृतित्व केमाध्यम से धर्म की स्थापना और धर्म का पुनरुद्धार करने की प्रेरणा प्रदान की।
  • विकास और विरासत की यह प्रक्रिया अनन्त रूप से निरन्तरता के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सिद्ध सन्त बाबा नीम करौली की जन्मस्थली से जुड़ी सुहाग नगरी फिरोजाबाद ने अपने कारीगरों तथा श्रमिकों के परिश्रम से जनपद को लोकल से ग्लोबल बनाने की शानदार यात्रा तय की है। जब भी सनातन धर्म की बात होती है, तो प्रत्येक सनातन धर्मावलम्बी फिरोजाबाद की चूड़ियों की ओर देखता है। यहाँ के कारीगर और उद्यमी सुहाग की नगरी फिरोजाबाद को नयी ऊँचाई प्रदान कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार उनके साथ मिलकर कार्य करेगी और उन्हें प्रोत्साहित करेगी।जनपद फिरोजाबाद में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास की चाभी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद फिरोजाबाद की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।


आज जनपद फिरोजाबाद 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का साक्षी बन रहा है। इन परियोजनाओं में 452 करोड़ रुपये की परियोजनाएँ टूण्डला और 206 करोड़ रुपये की परियोजनाएँ शिकोहाबाद विधान सभाओं से सम्बन्धित हैं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही डबल इंजन सरकार को जाता है। जिस दिन जनपद की पाँचों विधान सभाओं को मिलाकर परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा, वह इससे कई गुना अधिक लागत की होंगी।


जब जनता सही जनप्रतिनिधि चुनती है, तो जनपद में विकास होता है और फिरोजाबाद की यात्रा लोकल से ग्लोबल बनती है। यह सभी कार्य यहाँ के जनप्रतिनिधि विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर की मेहनत का परिणाम है। विकास और विरासत की यह प्रक्रिया अनन्त रूप से निरन्तरता के साथ आगे बढ़ती रहेगी। विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर ने जनता की ओर से सड़क, फ्लाईओवर तथा संस्थान की माँग की थी। आज उसी का परिणाम टूण्डला में दिखायी दे रहा है। टूण्डला और शिकोहाबाद अपनी नयी पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।


फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग नवाचार का नया केन्द्र बन चुका है। इसने चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। पहले होली, दीपावली, विजयादशमी तथा अन्य पर्व और त्योहार आते थे, तो चीन में बने उत्पाद मार्केट में छा जाते थे। जब यहाँ के कारीगरों ने नयी तकनीक और डिजाइन को अपनाया तथा प्रोडक्ट्स को मार्केट की डिमाण्ड के अनुसार बनाना शुरू किया, तो बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। दीपावली, विजयादशमी, होली तथा अन्य पर्व व त्योहार एवं जन्मदिन के अवसर पर जब यहाँ से निर्मित ग्लास की सुन्दर मूर्ति व प्रतिकृति अतिथि को मिलती है, तो वह उसे देखकर अभिभूत हो जाता है। वह सोचता है कि यह किसने और कैसे बनाया होगा। यह फिरोजाबाद के कारीगरों और उद्यमियों के परिश्रम के कारण ही सम्भव हो सका है।


यहाँ के कारीगर भगवान गणपति की प्रतिमा, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, भगवान बुद्ध, भगवान शिव और अलग-अलग देवी-देवताओं की शानदार प्रतिमाएँ बनाते हैं। यह कला और प्रतिभा उनमें पहले भी थी, लेकिन वर्ष 2017 के पूर्व उनके लिए कोई प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं था। उन्हें प्रोत्साहन नहीं मिलता था। वर्ष 2017 से पहले व्यापारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यवाही से परेशान थे। इस दिशा में प्रदेश सरकार ने आवश्यक कदम उठाए। व्यापारियों के लिए गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करायी। अब सोलर पैनल व बिजली से भट्टियों के संचालन की नई तकनीक से उद्योगों को आगे बढाया जा रहा है।


आज डबल इंजन सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन योजना’ संचालित है। प्रधानमंत्री जब दुनिया के किसी देश में जाते हैं, तो वहाँ के राष्ट्राध्यक्षों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना’ का उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट करते हैं। जब प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश की वस्तु किसी राष्ट्रध्यक्ष को देते हैं, तो सम्पूर्ण प्रदेश गौरव की अनुभूति करता है।


पूर्ववर्ती सरकारों में अराजकता का माहौल था। सरकारी जमीनों पर कब्जा करना, अराजकता पैदा करना, उनकी पहचान बन चुकी थी। अब हमारा प्रदेश माफिया मुक्त, गुण्डा मुक्त तथा उपद्रव मुक्त है। अब उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब तो यू0पी0 में है सब चंगा। जब सब चंगा होता है, तो उपद्रव नहीं, उत्सव होते हैं। पहले कांवड़ यात्रा नहीं होने दी जाती थी। गरीब को राशन नहीं मिलता था। आयुष्मान भारत योजना की सुविधा का लाभ नहीं मिलता था। गरीब के पास आवास और घर में शौचालय की सुविधा नहीं थी। लोगोें के घरों में एल0पी0जी0 सिलेण्डर की सुविधा नहीं थी। विद्युत आपूर्ति बहुत खराब थी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन की सुविधा मिल रही है। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 10 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपये तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। 65 लाख गरीबों के लिए एक-एक आवास तथा 02 करोड़ गरीबों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिया गया है। लगभग डेढ़ करोड़ परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन मिले हैं। सरकार ने 15-16 लाख किसानों के निजी ट्यूबवेल के बिल को माफ करते हुए निःशुल्क बिजली देने का काम भी प्रारम्भ किया है। आज सरकार अन्नदाता किसानों के लिए प्रोक्योरमेण्ट पॉलिसी, स्वॉयल हेल्थ कार्ड की सुविधा लेकर आती है तथा उन्हें अनेक प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराती है। आलू उत्पादक किसानों ने अपने परिश्रम से जनपद फिरोजाबाद को एक नयी पहचान दिलायी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि परसों ही प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ डी0बी0टी0 के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में उपलब्ध कराया। इसके अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में 4,300 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि अन्नदाता किसानों के खातों में पहुँची। जब नीयत साफ होती है, तो नीति और नियंता अपने आप मार्ग प्रशस्त करते हैं। यही डबल इंजन सरकार की पहचान है।


आज उत्तर प्रदेश में पर्यटन केन्द्रों का विकास किया जा रहा है। अब प्रदेश सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं तथा भव्य एवं दिव्य महाकुम्भ के आयोजन के लिए जाना जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर, काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के लिए जाना जा रहा है। मथुरा-वृन्दावन का वृहद स्वरूप पुनः दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।


लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने हम सभी को अपने कृतित्व के माध्यम से धर्म की स्थापना और धर्म का पुनरुद्धार करने की प्रेरणा प्रदान की। आज लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा भव्यता के साथ जनपद को नयी पहचान दिलाते हुए सनातन धर्मावलम्बियों को अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने की प्रेरणा दे रही है। 300 वर्ष पहले लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जन्म भले ही महाराष्ट्र की धरती पर हुआ। वह इन्दौर की महारानी थीं, लेकिन उनका कार्य क्षेत्र सम्पूर्ण भारत था। जहाँ सनातन धर्म है, वहाँ लोकमाता की उपस्थिति भी है। जिन धर्मस्थलों को विदेशी आक्रान्ताओं ने नष्ट कर दिया था, लोकमाता ने उन सबका पुनरुद्धार किया। यही कारण है कि जब लोकमाता की जयन्ती के 300 वर्ष पूरे हो रहे थे, तो प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और नेतृत्व में देश में लोकमाता का त्रिशताब्दी वर्ष आयोजन पूरी भव्यता के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी अनेक आयोजनों के साथ जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ था। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर लोकमाता की प्रतिमा स्थापित की गई है। जनपद औरैया के मेडिकल कॉलेज का नामकरण लोकमाता के नाम पर किया गया, क्योंकि वह हमारी विरासत की प्रतीक हैं।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा जनपद पर्यटन हब के रूप में विकसित हो रहा है। विधायक टूण्डला प्रेेम पाल सिंह धनगर तथा विधायक फिरोजाबाद मनीष असीजा ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button