हमीरपुर को 636 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री बोले- अब बुन्देलखण्ड पहचान का मोहताज नहीं।
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जनपद को 636.82 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 225.08 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 411.73 करोड़ रुपये की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बुन्देलखण्ड आज विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री को जाता है। आज दुनिया के लगभग 100 देश भारत की प्राचीन योग परंपरा से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कभी पेयजल संकट, खराब सड़कों और पहचान के संकट से जूझने वाला बुन्देलखण्ड आज एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक निवेश और आधुनिक कनेक्टिविटी के कारण विकास का नया केंद्र बन रहा है। हर घर नल योजना के माध्यम से लाखों परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुन्देलखण्ड के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। झांसी के पास भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक सिटी बीडा (BIDA) विकसित की जा रही है, जहां बड़े निवेश प्रस्ताव आने शुरू हो चुके हैं। चित्रकूट से वायु सेवा शुरू होने के बाद क्षेत्र को बेहतर एयर कनेक्टिविटी भी मिलेगी।योगी आदित्यनाथ ने स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की प्रतिमा और समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने पूज्य स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने तथा हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को नागरिकों का कर्तव्य बताते हुए कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए पानी की एक-एक बूंद बचाना आवश्यक है। उन्होंने आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों में वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 6.49 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट, लैपटॉप और स्वरोजगार योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।



