उन्नाव को मिली 570 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण व शिलान्यास।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव जनपद को 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत आज वैश्विक मंच पर गौरव के साथ अपनी पहचान दर्ज करा रहा है। विधानसभा सदर उन्नाव और भगवंत नगर क्षेत्र की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास, सुशासन और बेहतर आधारभूत संरचना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उन्नाव के लिए रैपिड रेल, रिंग रोड, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, औद्योगिक क्लस्टर और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव जनपद को 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। विधानसभा सदर उन्नाव एवं भगवंत नगर क्षेत्र की इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में सम्मान और गौरव के साथ अपनी पहचान बना रहा है तथा उत्तर प्रदेश विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाबियां वितरित कीं। उन्होंने महिलाओं की गोद भराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया तथा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में अस्थिरता के बावजूद भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से इन परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि आज देश में आस्था के सम्मान के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, वृद्धावस्था एवं निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
READ ALSO:मुख्यमंत्री गोरखपुर में चला रहे हैं गोरखधंधा:अखिलेश यादव
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में माफिया और अपराधियों का बोलबाला था, जबकि आज उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और सुरक्षा के लिए देशभर में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, अराजकता और तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार नारी गरिमा की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्नाव के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद अब उपेक्षित नहीं रहेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे, फोर-लेन कनेक्टिविटी, प्रस्तावित रैपिड रेल, रिंग रोड तथा औद्योगिक निवेश की योजनाएं उन्नाव को प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल करेंगी। उन्होंने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के लिए 700 एकड़ और औद्योगिक क्लस्टर के लिए लगभग 200 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन का हिस्सा बनाया गया है, जिससे विकास का दायरा लखनऊ से आगे बढ़कर उन्नाव और कानपुर तक विस्तारित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उन्नाव की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने माता चंद्रिका देवी मंदिर, सहस्त्र लिंगेश्वर मंदिर, लव-कुश जन्मस्थल तथा वीर गुलाब सिंह लोधी और राजा रामराव बख्श सिंह जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, विधायक पंकज गुप्ता, आशुतोष शुक्ल, अनिल सिंह, श्रीकांत कटियार, ब्रजेश रावत, बंबालाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



