
मुख्यमंत्री ने जनपद आगरा में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। जब सरकार, समाज और संस्थाएँ मिलकर एक दिशा व सोच के साथ कार्य करते, तो परिणाम कई गुना बेहतर प्राप्त होते। प्रदेश सरकार निजी क्षेत्र द्वारा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना के लिए पॉलिसी बनाने जा रही। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षां में देश को दुनिया में नई पहचान प्राप्त हुई, हम सभी नये भारत का दर्शन कर रहे। देश में विरासत और विकास के अद्भुत समन्वय के साथ-साथ समग्र विकास की अवधारणा को चरितार्थ किया जा रहा। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक कि सरकार अपने स्तर पर प्रयास करे तथा निजी क्षेत्र भी अपनी भागीदारी करे। प्रदेश के जिन जनपदों में और अधिक मेडिकल कॉलेजों की आवश्यकता, वहाँ नये मेडिकल कॉलेज स्थापित करने में राज्य सरकार सहायता कर रही। यथार्थ ग्रुप ने अष्ट सिद्धि के रूप में आगरा जनपद में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना की। पहले देश में केवल एक एम्स, प्रधानमंत्री जी ने इनकी संख्या 23 तक पहुँचायी। देश में आई0आई0टी0, आई0आई0एम0, एन0आई0टी0, आई0आई0आई0टी0 आदि संस्थानों की एक लम्बी श्रृंखला स्थापित की गयी। उ0प्र0 ने देश के विकास की तीव्र गति के साथ कदम-ताल मिलाया, डबल इंजन सरकार के प्रयासों से वर्तमान में प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेजों, जनपद गोरखपुर व रायबरेली में एम्स का संचालन। प्रदेश सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यां के साथ-साथ अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ लागू की गयीं। ‘आयुष्मान भारत योजना’ की सुविधा के अन्तर्गत केवल उ0प्र0 में 05 करोड़ 60 लाख लोगों को गोल्डेन कार्ड प्रदान किये गये, यह संख्या शीघ्र ही 10 करोड़ पहुँचने वाली। वर्तमान में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में निःशुल्क डायलिसिस, सी0टी0 स्कैन के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गयी।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सरकार, समाज और संस्थाएँ मिलकर एक दिशा व सोच के साथ कार्य करती हैं, तो परिणाम कई गुना बेहतर प्राप्त होते हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश आज की आवश्यकता है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक है कि सरकार अपने स्तर पर प्रयास करे तथा निजी क्षेत्र भी अपनी भागीदारी करे। प्रदेश सरकार निजी क्षेत्र द्वारा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना के लिए पॉलिसी बनाने जा रही है। प्रदेश के जिन जनपदों में और अधिक मेडिकल कॉलेजों की आवश्यकता है, वहाँ नये मेडिकल कॉलेज स्थापित करने में राज्य सरकार सहायता कर रही है। जनपद आगरा में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लोकार्पण के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। ज्ञातव्य है कि 250 बेड युक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी यथार्थ हॉस्पिटल में व्यापक टर्शियरी केयर सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए गए इस अस्पताल में अत्याधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, रोबोटिक सर्जरी, उन्नत क्रिटिकल केयर यूनिट्स और 24×7 इमरजेंसी सेवाएँ उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को समय पर और प्रभावी उपचार मिल सकेगा।
यथार्थ ग्रुप ने अष्ट सिद्धि के रूप में आगरा जनपद में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना की है। जब अष्ट सिद्धियाँ होती हैं, तभी नौ निधियाँ भी प्राप्त होती हैं। यह हॉस्पिटल इस ध्येय को चरितार्थ करेगा। यथार्थ ग्रुप का यह 8वाँ हॉस्पिटल है। प्रत्येक व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त करने का अधिकार है। सम्प्रभुता सम्पन्न देशों को यह सुविधा अपने नागरिकों को प्रदान करनी चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षां में देश को दुनिया में नई पहचान प्राप्त हुई है। हम सभी नये भारत का दर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरते भारत को देख रहे हैं। देश में विरासत और विकास के अद्भुत समन्वय के साथ-साथ समग्र विकास की अवधारणा को चरितार्थ किया जा रहा है। देश में अवसंरचनात्मक उन्नति के साथ हाईवे, एक्सप्रेस-वे, मेट्रो का निर्माण हो रहा है। रेलवे की नई लाइनें बिछायी जा रही हैं। रेलवे के अत्याधुनिक कोच नई तकनीक से लैस हैं। हमें वन्दे भारत, नमो भारत तथा अमृत भारत जैसी उच्च गुणवत्ता युक्त ट्रेनों में यात्रा करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। देश में एयर कनेक्टिविटी तेजी के साथ समृद्ध होना अद्भुत है। भारत में विगत 70 वर्षां में जितने एयरपोर्ट का निर्माण तथा वायु सेवाआें से सम्बन्धित सुविधाओं में जितनी वृद्धि हुई, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मात्र 10 वर्षां में इससे अधिक एयरपोर्ट का निर्माण तथा वायु सेवाओं का संचालन किया गया।
पहले देश में केवल एक एम्स था। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी ने इनकी संख्या बढ़ाकर 06 कर दी। वर्तमान प्रधानमंत्री जी ने इनकी संख्या 23 तक पहुँचा दी है। देश में आई0आई0टी0, आई0आई0एम0, एन0आई0टी0, आई0आई0आई0टी0 आदि संस्थानों की एक लम्बी श्रृंखला स्थापित की गयी है। सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने देश के विकास की तीव्र गति के साथ कदम-ताल मिलाया है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से वर्तमान में प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश में जनपद गोरखपुर तथा रायबरेली में एम्स का संचालन हो रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यां के साथ-साथ अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ लागू की गयीं। परिणामस्वरूप राज्य के 06 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवन-यापन कर रहे हैं। एक समय था कि जब कोई व्यक्ति बीमार होता था, तो पूरा परिवार परेशान हो जाता था। आज देश में जरूरतमन्दों को 05 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। ‘आयुष्मान भारत योजना’ की सुविधा के अन्तर्गत केवल उत्तर प्रदेश में 05 करोड़ 60 लाख लोगों को गोल्डेन कार्ड प्रदान किये गये हैं। यह संख्या शीघ्र ही 10 करोड़ पहुँचने वाली है।
प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशावर्कर्स आदि सभी को प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है। जो व्यक्ति किसी भी योजना से आच्छादित नहीं हैं, उसे मुख्यमंत्री राहत कोष से चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री राहत कोष से 1,300 करोड़ रुपये प्रदेश के नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए उपलब्ध कराये गये हैं। वर्तमान में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में निःशुल्क डायलिसिस, सी0टी0 स्कैन के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। स्वास्थ्य क्षेत्र से सम्बन्धित विश्व की अत्याधुनिक तकनीकों को प्रदेश में लाने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आई0आई0टी0 कानपुर तथा एस0जी0पी0जी0आई0 लखनऊ में सेण्टर ऑफ एक्सीलेन्स स्थापित किये जा रहे हैं। दवाओं का आयात कम करने तथा उनकी मैन्युफैक्चरिंग व उत्पादन प्रदेश में करने के लिए ललितपुर में 1,500 एकड़ क्षेत्रफल में फॉर्मा पार्क विकसित किया जा रहा है।
चिकित्सा उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग व उत्पादन राज्य में करने के लिए आगरा से एक घण्टे की दूरी पर स्थित यमुना अथॉरिटी में 350 एकड़ क्षेत्रफल में एक मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना की जा रही है। प्रदेश में टेलीमेडिसिन की भी व्यवस्था की गयी है। प्रत्येक क्षेत्र में कुछ न कुछ नया करने का प्रयास हुआ है। इसके परिणाम हम सभी को देखने का मिल रहे हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश से इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। इस बीमारी से पूर्वी उत्तर प्रदेश में विगत 40 वर्षां में 50 हजार से अधिक मौतें हुई थीं। डेंगू, कालाजार, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि बीमारियों को समाप्त करने की दिशा में प्रदेश सरकार भारत सरकार के साथ मिलकर लगातार सर्विलांस कर रही है। सामूहिक प्रयास से कैसे किसी बीमारी पर नियंत्रण लगाया जा सकता है, कोविड कालखण्ड इसका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहाँ डॉ0 कपिल त्यागी से बात की गयी है कि यथार्थ ग्रुप यदि प्रदेश के कुछ जनपदों में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करेगा, तो राज्य सरकार इस कार्य में सहायता प्रदान करेगी। वर्तमान में नेशनल मेडिकल कमीशन ने अपनी शर्तां को अत्यन्त सरल बनाया है। यह समय नये मेडिकल संस्थानों की स्थापना के लिए सबसे उपयुक्त है। इन संस्थानों की स्थापना कर हम उत्तर प्रदेश को मेडिकल की उत्तम शिक्षा का केन्द्र बना सकते हैं। कार्यक्रम को संत विजय कौशल जी महाराज तथा यथार्थ गु्रप के मैनेजिंग डायरेक्टर कपिल त्यागी ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय पंचायतीराज राज्य मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, जी0एस0 धर्मेश, बाबूलाल, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, डॉ0 धर्मपाल, भगवान सिंह कुशवाहा, प्रदीप भाटी, छोटेलाल वर्मा, आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, यथार्थ ग्रुप के चेयरमैन डॉ0 अजय त्यागी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।























