शादी का झांसा देकर विधवा से बनाता रहा संबंध

शादी का झांसा देकर विधवा से बनाता रहा संबंध, विरोध करने पर दी गोली मारने की धमकी। बल्दीराय थाना क्षेत्र का मामला, पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की लगाई गुहार।

लखनऊ/सुलतानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक विधवा महिला के साथ महीनों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। थाना बल्दीराय क्षेत्र के ग्राम जुड़ा का पुरवा मजरे सोरांव की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसके पति की करीब एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसी बीच गांव के पास हिजरन का पुरवा सोरांव निवासी मोहम्मद मुर्शीद पुत्र मोहम्मद तौफीक ने सहानुभूति दिखाते हुए उससे शादी करने का भरोसा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि मोहम्मद मुर्शीद ने जून 2025 से उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रभाव में लिया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि आरोपी उसे लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे वह उसके झांसे में आती रही।

पीड़िता के अनुसार जब उसने हाल ही में शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने अपना रंग बदल लिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो उसे गोली मार देगा। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी और अब उससे शादी करने से साफ इनकार कर रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है।

पीड़िता ने थाना बल्दीराय पुलिस को तहरीर देकर मेडिकल जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना बल्दीराय प्रभारी निरिक्षक नारद मुनि का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button