
भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस और कंटेनर की टक्कर। बस चालक की मौत, दर्जनों यात्री घायल।
कछौना/हरदोई। लखनऊ-हरदोई नेशनल हाइवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कटियामऊ कट के पास संडीला की ओर जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों के अनुसार, बस की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। यात्रियों ने चालक से गति कम करने की गुहार भी लगाई थी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद बस हादसे का शिकार हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना लाया गया।
इस हादसे में घायल अवधेश पीआरडी जवान निवासी मवई, ममता महिला होमगार्ड निवासी गंगापुरवा, पवन कुमार निवासी वीर एवं दादी मालती देवी, बालक राम व बल्लू निवासी बीकापुर, मोहित निवासी मवई बम्हनान, कुसुमा तेरवा माधौगंज, वहीं मुकेश समाचार पत्र वितरक समसपुर, मालती देवी गंगापुरवा, अख्तर ग्राम रावल टड़ियावां, कैसर बानो इस्लामनगर, पवन कुमार, मनीराम बाघाड़ाडा सहित दर्जनों लोग घायल हो गया। इस सड़क हादसे में गंभीर घायल मुकेश, कुसुमा, मालती को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। वहीं बस चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि बस चालक राजू उर्फ गोपाल सिंह निवासी जूरा माधौगंज वर्तमान निवासी आजाद नगर, हरदोई स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। उसे जीवित अवस्था में अस्पताल भेजा गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।


























