मैनपुरी की जनता कभी भी समाजवादी पार्टी को हारने नहीं देगी-अखिलेश

अखिलेश यादव ने आज मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में करहल विधानसभा क्षेत्र में चौधरी नत्थू सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित सेक्टर/बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित किया। इससे पूर्व उन्होंने चौधरी नत्थू सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी जनता के नेता रहे हैं। वे हमेशा जमीन से जुडे़ रहे हैं। अब हमारी आपकी जिम्मेदारी है कि जो संघर्ष नेताजी ने जमीन पर रहकर जनता के लिए किया, उस संघर्ष को और मजबूत बनाकर वोट के माध्यम से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिम्पल जी को ऐतिहासिक जीत दिलायें। उन्होंने कहा सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक लड़ाई अभी अधूरी है। नेताजी जहां तक इस लड़ाई को लेकर आएं है, उसे यहां से आगे ले जाना है।

श्री यादव ने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा कुछ भी साजिश कर सकती है। उनके नेताओं के बयानों से साफ जाहिर है। लेकिन मैनपुरी की जनता कभी भी समाजवादी पार्टी को हारने नहीं देगी। मैनपुरी से नेताजी का कई दशकों से रिश्ता रहा है। मैनपुरी की जनता ने उन्हें नेताजी बनाया है।


अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की है कि इस चुनाव को अपना चुनाव समझें। विधानसभा चुनावों में जनता ने समाजवादी सरकार बनाने का मन बना लिया था, लेकिन भाजपा ने बेइमानी की। भाजपा के लोग भी यह जानते हैं। परिणाम उठाकर देखेंगे तो पता चल जाएगा कि किस तरह प्रशासन ने समाजवादी पार्टी को हराया है। जिन सीटों को समाजवादी पार्टी 20 और 24 हजार से जीत रही थी, उसी को तीन सौ और बारह सौ वोट से हार जाय, यह गणित समझ से परे है। श्री यादव ने कहा कि विधान सभा चुनाव में बूथों पर अगर दो-तीन फीसदी वोट और बढ़ा लिया होता तो आज सरकार समाजवादी पार्टी की होती।

उन्होंने कहा कि असली संघर्ष और लड़ाई तो कार्यकर्ता और बूथ एजेन्ट करता है। यह चुनाव समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा और नेताजी को श्रद्धांजलि देने का है। इसलिए बूथ पर तैयारी के साथ मजबूती से एक-एक वोट समाजवादी पार्टी के पक्ष में डलवायें।इस अवसर पर प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि जो लोग मैनपुरी को लेकर दूर से अनुमान लगा रहे हैं वे यह जान लें की मैनपुरी हमेशा समाजवादियों के साथ रही है। जबसे समाजवादी पार्टी बनी है तब से यहां से समाजवादी पार्टी का ही प्रत्याशी लोकसभा चुनाव जीता है। यहां से कोई दूसरी पार्टी का एम.पी. नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा का जो इस बार प्रत्याशी है वह भाजपा का अब तक का सबसे कमजोर प्रत्याशी है।


श्री यादव ने कहा मैनपुरी के सभी लोग इस बार डिम्पल यादव को जिताना चाहते हैं। डिम्पल जी बहुत बड़े अन्तर से लोकसभा चुनाव जीतने जा रही है। भाजपा के लोग पूरी तरह से हतोत्साहित हैं। बैठक को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने भी सम्बोधित किया। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, पूर्व विधायक सोबरन सिंह यादव, पूर्व मंत्री सुभाष यादव, अरविन्द यादव पूर्व एमएलसी, मुकुल यादव एमएलसी तथा निवर्तमान प्रदेश महासचिव श्याम लाल पाल समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता तथा सेक्टर/बूथ प्रभारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button