कोरोना काल में डाक विभाग की अनूठी पहल

कोरोना काल में डाक विभाग की अनूठी पहल वाराणसी  परिक्षेत्र में एक दिन में 15 हजार लोगों को 27 करोड़ ₹ राशि का एईपीएस द्वारा घर बैठे किया भुगतान।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते खोलने का 8 अक्टूबर को महाअभियान, सिर्फ आधार व मोबाईल नम्बर से मिनटों में खुलेंगे पेपरलेस खाते।

जहाँ कोई नहीं पहुँचता, वहाँ डाकिया पहुँच रहा है। अब डाकिया चलता- फिरता एटीएम बन गया है। ‘इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक’ के माध्यम से हर किसी के लिए घर से लेकर खेतों तक सहजता से डिजिटल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम द्वारा अन्य बैंकों में प्राप्त राशि का भी माइक्रो एटीएम द्वारा भुगतान किया जा रहा है। उक्त जानकारी वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने दी।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 6 अक्टूबर को वाराणसी परिक्षेत्र के अधीन सभी 6 जनपदों वाराणसी, चंदौली, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर व बलिया में  इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की आधार इनेबल्ड पेमेंट्स सिस्टम के अंतर्गत भुगतान हेतु महाअभियान चलाया गया, ताकि कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों को घरों से बाहर न निकलना पड़े।  इसमें एक दिन में साढ़े 15 हज़ार से अधिक लोगों ने इस सेवा का लाभ लिया और 27 करोड़ 76 लाख की राशि अपने बैंक खातों से निकाली।

ग्रामीण डाक सेवकों और डाकियों ने लोगों के घर-घर, खेतों-खलिहानों में और श्रमिकों को उनके कार्यस्थल पर जाकर उन्हें उनके बैंक खाते से धनराशि निकाल कर उपलब्ध कराई। श्री यादव ने कहा कि, इस दौरान डाक विभाग द्वारा समाज के हर वर्ग के लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया गया। साथ ही, अन्य प्रदेशों से आये प्रवासी मजदूरों तथा मनरेगा कामगारों का खास ध्यान रखा गया और उन्हें केंद्र व राज्य सरकारों से मिलने वाली धनराशि उनके कार्यस्थल पर ही तत्काल उनके खातों से निकालकर दी गयी।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एईपीएस सेवा को गाँवों में ही नहीं बल्कि शहरों में भी काफी प्रशंसा मिल रही है। राज्य व केंद्र सरकारों के द्वारा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत भेजी जा रही डीबीटी राशि लोग घर बैठे ही डाकिया के माध्यम से निकाल रहे हैं। साथ ही, पेंशनर व असहाय लोग जो कि शारीरिक रूप से अक्षम हैं, वृद्ध या फिर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र जहाँ पर एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है वहाँ पर भी डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक जाकर बैंक से पैसे निकाल कर लोगों को उपलब्ध करा रहे हैं।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने  कहा कि, इसी क्रम में 8 अक्टूबर को महाअभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों  के आईपीपीबी खाते खोलकर उन्हें  इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से जोड़ा जायेगा। मात्र आधार व मोबाईल नम्बर के आधार पर डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देते ये पेपरलेस खाते खोले जाएंगे। वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक लगभग 3 लाख  लोग इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ जुड़ चुके हैं और घर बैठे इसकी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button