मुख्यमंत्री ने बलरामपुर में बेटियों को बांटी स्टडी टेबल,महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर

बलरामपुर में सीएम योगी ने बेटियों को बांटी स्टडी टेबल, बोले- नारी का सम्मान और स्वावलम्बन ही रामराज्य की परिकल्पना।अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत छात्राओं को किया सम्मानित, कृषि मेले का भी किया शुभारम्भ।

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर परिसर में ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र और स्टेशनरी किट वितरित की। इस दौरान उन्होंने कन्याओं को चुनरी अर्पित कर चॉकलेट और प्रसाद भेंट किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली उत्कृष्ट बालिकाओं को ट्रैक सूट किट देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन रामराज्य की परिकल्पना को साकार करते हैं। इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान को विशेष महत्व दिया गया है और जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वही समाज विकास की ऊंचाइयों को छू सकता है।

बेटी के जन्म से शिक्षा और विवाह तक सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उद्देश्य बेटियों की सुरक्षा, बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करना और उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा के विभिन्न चरणों तक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। योजना के तहत कुल 25 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। वहीं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक पांच लाख से अधिक गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं।

एक करोड़ से अधिक घरौनियां महिलाओं के नाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों को उनकी आबादी की भूमि पर मालिकाना अधिकार देने के लिए घरौनी की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ से अधिक घरौनियां परिवारों की महिला सदस्यों के नाम पर भी उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि निराश्रित महिला, वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के माध्यम से 1.10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत आवास की धनराशि परिवार की महिला सदस्य के नाम पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी महिलाओं को स्वामित्व का अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं के नाम पर रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने और तीन करोड़ से अधिक परिवारों में शौचालय निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा से भी जुड़ी हैं।

बेटियों की पढ़ाई को प्रोत्साहित करने पर जोर

‘शिक्षा की उड़ान’ पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर में बेटियों को स्टडी टेबल उपलब्ध कराने की पहल उनके लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, पुस्तकें, स्वेटर, जूते और मोजे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रतिवर्ष लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को इन सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी के विस्तार को भी शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में अहम बताया।

कृषि मेले का शुभारम्भ, किसानों को मिले कृषि यंत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि मेले का शुभारम्भ किया और कृषक लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सरयू नहर परियोजना के पूर्ण होने तथा उसकी विभिन्न शाखाओं के विकास से बलरामपुर और देवीपाटन मंडल में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और नए प्रयोगों को जानने-समझने का अवसर मिलेगा, जिससे कृषि विकास को नई गति मिल सकती है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button