आपस में टकरा रहा भाजपा का डबल इंजन-अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने आज मीडिया से वार्ता में कहा कि जिस दिन गाजीपुर से हमारा रथ चल कर लखनऊ पहुंचा था,उसी दिन भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा करंट लगा और अगले दिन ही उन्होंने किसानों के खिलाफ तीनों काले कानूनों कोवापस ले लिया। नए वर्ष पर 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने का फैसला लिया तो हमने सारी चीजों का आकलन करने के बाद यह किया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने अगर अच्छे से काम किया होता तो बिजली की कमी नहीं होती और समय से पावर प्लांट तैयार हो जाते।  मुझे खुशी है कि रोजा थर्मल प्लांट तैयार हो गया जो नेताजी ने बनाया था।अनपरा डी का प्लांट भी समाजवादी सरकार में लगा। एटा में सुपर क्रिटिकल प्लांट लगाया। मिर्जापुर में फ्रांस के राष्ट्रपति जी ने जिस सोलर प्लांट का उद्घाटन किया वह योजना समाजवादी सरकार की थी। ललितपुर,महोबा,झांसी,मैनपुरी सभी जगह सोलर प्लांट तभी लगे।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने वाली है। समाजवादी सरकार में प्रदेश में सभी को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त मिलेगी। किसानों की सिंचाई मुफ्त होगी। इस वादे के पीछे बिजली उत्पादन से सम्बन्धित तमाम योजनाएं है जो पूरी की जाएगी। समाजवादी सरकार बनने पर किसान आंदोलन में सभी मृतक किसानों के परिवारों को 25-25 लाख की मदद दी जाएगी। मृतक किसानों के सम्मान में स्मारक भी बनेगा। 


    अखिलेश यादव ने कहा कि जिस वक्त पूरी तरह से समाजवाद लागू हो जाएगा वही रामराज का आना होगा। उन्होंने कहा जो व्यक्ति अकेला रहता हो वह जीवन की खुशबू को क्या समझेगा? जीवन की खुशबू भाजपा को पसंद नहीं। इत्र का कारोबार हमें जोड़ता है इसलिए भाजपा इसे तोड़ने में लगी है। जैन समाज अल्पसंख्यक है जो इत्र व्यवसाय में जुड़ा है इसलिए इन पर हमला हुआ। अल्पसंख्यक ऐंग्लो इडियन की विधानसभा में रिजर्व सीट भी भाजपा सरकार ने खत्म कर दी। सिखों पर भी हमले हुए थे। 


    अपराधियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए श्री यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा अपराधी भाजपा में है। भाजपा के ज्यादा विधायकों पर आपराधिक मुकदमे हैं। भाजपा ने आपराधिक मुकदमे वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है। ये मुख्यमंत्री तो भाजपा के सदस्य भी नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा बहुत झूठ बोलती है। इससे ज्यादा झूठी कोई पार्टी नहीं हो सकती है। 

आंबेडकर नगर से पूर्व बसपा सांसद राकेश पांडेय, बहराइच से भाजपा की मौजूदा विधायक माधुरी वर्मा, पूर्व विधान परिषद सदस्य कांति सिंह, प्रतापगढ़ से पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा और विशाल जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीरबल सिंह कश्यप अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए।अखिलेश यादव ने इन सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में बदलाव आएगा और सपा की सरकार बनेगी।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार आपस में टकरा रही है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। यह सरकार किसानों के खिलाफ है। सांड़ सड़कों पर घूम रहे हैं। किसानों की खेती बर्बाद कर रहे हैं। यह मुख्यमंत्री सांड़ भी नहीं पकड़वा पा रहे हैं। किसानों को खाद, बिजली, नहीं मिल रही है। डीजल नहीं मिल रहा है। 

समाजवाद का रास्ता ही रामराज्य का रास्ता है। जिस दिन पूरी तरह से समाजवाद लागू हो जाएगा उसी दिन से रामराज्य शुरू हो जाएगा। सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के ऊपर तमाम गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे, भाजपा ने उसे मुख्यमंत्री बना दिया। भाजपा के बहुत से नेता जो बुजुर्ग हैं, जो कई वर्षों से खून पसीना बहा कर पार्टी को मजबूत कर रहे थे, वह कई बार कहते हैं कि हम तो खून पसीना बहा रहे थे, यह न जाने कहां से आए हमारे ऊपर बैठा दिया गया। मुख्यमंत्री योगी के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने संबंधी सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब वह जनता के बीच जाएंगे तो उनसे पूछा जाएगा कि रोजगार देने और किसानों की आय दोगुनी करने समेत तमाम वादे क्यों नहीं पूरे हुए।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सब लोग जानते होंगे कि जब बेटा परीक्षा में पास ना हो पा रहा हो तो कई बार मां-बाप और चाचा भी जाते हैं थोड़ी नकल कराने के लिए। हमारे बाबा मुख्यमंत्री फेल हो चुके हैं। अब उन्हें कोई पास नहीं करा सकता और जो लोग उन्हें पास कराने आ रहे हैं वे भी पास नहीं करा पाएंगे।अखिलेश यादव ने खुद के विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि जहां से उनकी पार्टी कहेगी वहां से वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

    एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी जाति, धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। जो लोग गलत भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उन्हें जेल भेजना चाहिए। श्री यादव ने कहा कि भाजपा कारोबार की बात नहीं करती है यह नफरत करने वाले लोग हैं। सपा सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि किसान सांड से परेशान है। सांड किसानों को घायल कर रहे हैं। प्रदेश में अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में सरकार बनने पर नफरत की राजनीति खत्म होगी।    
                                       

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button