भाजपा निकालेगी 6 स्थानों से जन विश्वास यात्रा

भाजपा निकालेगी 6 स्थानों से जन विश्वास यात्रा,प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश में निकाली जाने वाली जन विश्वास यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि पार्टी प्रदेश में छह जन विश्वास यात्राओं के माध्यम से जनसंवाद करेगी। यात्राएं प्रदेश के सभी जनपदों से होते हुए गुजरेगी, जिसमें सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों को सम्मिलित किया गया है।यात्रा प्रभारी विद्यासागर सोनकर ने बताया कि बिजनौर,मथुरा, झांसी,अम्बेडकरनगर, बलिया और गाजीपुर से जन विश्वास यात्राएं प्रारम्भ होगी। यात्राओं के उद्घाटन में राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति रहेगी। बिजनौर, मथुरा,झांसी, अम्बेडकरनगर व बलिया से 19 दिसम्बर को यात्राएं प्रारम्भ होगीं। जबकि गाजीपुर से 20 दिसम्बर को यात्रा प्रारम्भ होकर आगे बढे़गीं।

श्री सोनकर ने बताया कि 2017 से पहले भाजपा ‘‘न गुंडाराज न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार‘‘ के नारे के साथ समाजवादी पार्टी के कुशासन को खत्म करने के लिए जनता के बीच गई थी। जनता के आशीर्वाद से 2017 में भाजपा की सरकार बनी। 5 वर्ष के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने जनता से किये गए अपने एक-एक संकल्प को पूरा करने का काम किया और 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं पर हम खरे उतरे हैं। हमने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सेवा और सुशासन के संकल्प को चरित्रार्थ करने का काम किया है। यात्रा के माध्यम से भाजपा सुशासन, सशक्त कानून व्यवस्था, गरीब कल्याण के अपने कार्यों, ढांचागत विकास, पर्याप्त बिजली, शिक्षा सुधार, कौशल विकास, कृषि कल्याण की दिशा में किये गए कार्यों के बारे में बताएगी।बैठक में यात्रा प्रभारी विद्या सागर सोनकर, सह प्रभारी सुभाष यदुवंश, राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी,विनोद सोनकर, सांसद संजय सेठ, जय प्रकाश निषाद, सतीश गौतम, श्री सुब्रत पाठक, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, धर्मवीर प्रजापति, मानवेन्द्र प्रताप,गोपाल अनजान भुर्जी, प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button