गवर्नेन्स में शून्य है भाजपा सरकार-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी


    कानून व्यवस्था की स्थिति पर भाजपा के झूठ अब जनता को स्वीकार्य नहीं है। भाजपा के छोटे-बड़े नेता दावे चाहे जितने करें पर सच्चाई यह है कि उनके राज में कहीं कोई सुरक्षित नहीं है। प्रशासन पूरी तरह पंगु है। महिलाएं अपमानित है। फेक इन्काउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है। राजधानी लखनऊ में भी अपराधी बेफिक्र हैं। दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट कर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती दी और फरार हो गए। व्यापारियों से लूट की कई घटनाओं का अभी तक पर्दाफाश नहीं हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार विज्ञापन में नम्बर 01, गवर्नेन्स में शून्य है। झूठे वादों में उसको महारत हासिल है। लेकिन अब जनता सच्चाई से भलीभांति परिचित हो गई है। उसको भाजपा और समाजवादी सरकारों का फर्क भी मालूम है। सन् 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता के आक्रोश और अपनी हार से डरी भाजपा में बौखलाहट के हालात हैं।


    न्यूयॉर्क की तर्ज पर समाजवादी सरकार ने 100 नं0 यूपी डायल सेवा शुरू की थी जिसमें सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंचती। भाजपा ने इस सेवा का नम्बर बदलकर 112 कर दिया और उसकी व्यवस्थाएं चौपट कर दी। बीमारों को अस्पताल पहुंचाने के लिए समाजवादी 108 नं0 एम्बूलेंस सेवा शुरू की गई थी। वह सेवा भी अब भरोसे की नहीं रही। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन बनी अब वहां भी समय से सुनवाई और कड़ी कार्यवाही नहीं होती है।


    किसान-मजदूर और नौजवान भाजपा राज में सर्वाधिक प्रताड़ित और अपमानित हैं। किसान की आय दुगनी होना तो दूर की बात उनका धान भी एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। कई सरकारी क्रय केन्द्रों में ताला तक नहीं खुलता है। प्रदेश में निवेश आने के तमाम दावों का झूठ इसी से पता चलता है कि अभी तक कहीं कोई उद्योग नहीं लगा। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार के चलते उनकी जिन्दगी अंधेरे में है।भाजपा के अब तक के कार्यकाल में लोगों की जिन्दगी और युवाओं के भविष्य के साथ सिर्फ खिलवाड़ हुआ है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ रखी है। महंगाई बढ़ी, कमाई घटी। इससे एक बड़ी आबादी के सपने टूट गए हैं। भाजपा राज जैसी अंधेर गर्दी कभी देखने को नहीं मिली। भाजपा सरकार की कुनीतियों से आक्रोशित जनता सन् 2022 के चुनावों में उसको करारा जवाब देगी।


    समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्तागण 5 दिसम्बर 2021 को अपनी छः सूत्रीय मांगो का ज्ञापन देने के लिए कार्यक्रम  स्थल चहनिया पर इकट्ठा हुए तभी क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए निहत्थे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिससे समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं को गम्भीर चोटें आयीं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच एवं लाठीचार्ज में घायल लोगों से मिलने हेतु समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल 12 दिसम्बर 2021 को जनपद चन्दौली पहुंचेगा।समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल में सर्वश्री श्री राम गोविन्द चौधरी नेता प्रतिपक्ष विधान सभा उत्तर प्रदेश, ओम प्रकाश सिंह पूर्व मंत्री, सुरेन्द्र पटेल पूर्व मंत्री तथा आशुतोष सिन्हा सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश, सत्य नरायन राजभर जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी चन्दौली, राजनारायण बिन्द प्रमुख महासचिव समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश शामिल हैं।


                     

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button