Friday, March 27, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश योगी चाहिए या योग्य सरकार..!

योगी चाहिए या योग्य सरकार..!

210

[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”इस समाचार को सुने”]

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बहुत अन्याय है। जनता को भाजपा ने झूठे सपने दिखाए। यहां तक कि विज्ञापन भी झूठे दिखा रहे हैं। भाजपा के लोग दमदार झूठ बोलने वाले हैं। लेकिन इनके झूठ के फूल में खुशबू नहीं है। बुन्देलखंड को भाजपा राज में कुछ नहीं मिला है। किसान को धोखा दिया है। नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है। अब यह लोगों को ही तय करना है कि उन्हें ‘योगी सरकार चाहिए या योग्य सरकार‘ चाहिए। श्री यादव ने हजारों की भीड़ का अभिवादन करते हुए नारा दिया-‘बुन्देलखंड यही पुकारता, नहीं चाहिए भाजपा।


    अखिलेश यादव ने नौजवानों से प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनाइये नौकरी और रोजगार मिलेगा। समाजवादी पेंशन तीन गुना बढ़ाकर माताओं, बहनों की मदद करेेंगे। किसानों को सम्मान दिया जाएगा। उनकी फसलों का सही मूल्य दिलाया जायेगा। भाजपा सरकार ने किसानों की आय दुगनी करने का झूठ बोला। भाजपा सरकार में जानबूझकर पेपर लीक किया जाता है। यह लीक सरकार है। सरकार इसलिए पेपर लीक कराती है जिससे नौजवानों को नौकरी न देना पड़े। टीईटी पेपर लीक हुआ। लाखों नौजवान परेशान हुए। इससे पहले भी इस सरकार में कई बार पेपर लीक हुए हैं।भाजपा के वादे जुमले निकले। इनकी बातें झूठी हैं। भाजपा सरकार ने डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाकर हर चीज को महंगा कर दिया है। गरीब की गाड़ी नहीं चल पा रही है। खाद महंगी हो गयी। किसानों को खाद नहीं मिल रही। सरकार ने खाद का समय पर इंतजाम नहीं किया।


    भाजपा सरकार ने अन्ना पशुओं के लिए कुछ नहीं किया। किसान रात-रात भर जागकर अपनी फसल को नहीं बचा पा रहा है। कोरोना काल में भाजपा सरकार ने हमारे मजदूरों को अनाथ छोड़ दिया। उन्हें पैदल चलकर आना पड़ा। इस सरकार ने कोई मदद नहीं की। सिर्फ समाजवादी पार्टी ही मजदूरों और गरीबों की मदद करने आगे आयी।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने यूपी को पीछे छोड़ दिया है। इन्होंने झूठ बोलकर नौजवानों के सपनों को मारा है। नफरत फैलायी है। प्रदेश को बर्बाद किया है। स्वास्थ्य और पुलिस को बर्बाद कर दिया। प्रदेश में लूट मची है। इनका विकास सिर्फ तस्वीरों में है। विज्ञापन में दूसरे राज्यों की तस्वीरे है। विज्ञापन में कलकत्ता के फ्लाईओवर और अमेरिका के कारखाने की तस्वीर लगाई। इसी तरह से महोबा में बांध के तस्वीर दूसरे राज्य की लगाकर झूठ बोला।


    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार बुन्देलखंड में फेल हो गई है। बुन्देलखंड में पानी का इंतजाम नहीं किया। लोग अभी भी प्यासे हैं। पांच साल में भी भाजपा सरकार ने जल परियोजनाओं को पूरा नहीं किया। बुन्देलखंड में बहुत गरीबी है। सपा सरकार आने पर अलग से योजनाएं चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली का कोई कारखाना नहीं बनाया लेकिन बिजली का बिल बढ़ा दिया है। इससे सभी लोग परेशान हैं। हमारी सरकार आने पर जनता को बिजली के बिल में राहत देंगे।

अखिलेश यादव ने योगी सरकार को किसानों से लेकर कानून व्यवस्था, कोरोना काल, युवा समेत कई मुद्दों पर घेरा, उन्होंने कहा कि हम सबने देखा जब लॉकडाउन लगाया गया तब कैसे प्रवासी मजदूर पैदल घर को निकले। कई लोगों की मौत तक हो गई, लेकिन सरकार ने उनके लिए कुछ नहीं किया। पुलिस ने पैसे लेकर लोगों को जाने दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि यह दर्द वही समझ सकता है जिसका परिवार हो, जिसका परिवार ही नहीं वह परिवार वालों की परवाह क्यों करेगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार चाहिये या योग्य सरकार, उन्होंने कहा कि जो लैपटॉप चला नहीं सकते वो दे भी नहीं सकते हैं। प्रदेश की सरकार ने नफरत फैलाई और बर्बादी की है और लूट की है। झूठे सपने दिखाने वालों को जनता बाहर का रास्ता दिखाए,आज बुंदेलखंड में किसानों को खाद नहीं मिल रही है। इसी भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था,आय दोगुनी हुई क्या?


    भाजपा सरकार में बीएड, शिक्षामित्र और कर्मचारी सभी परेशान हैं। बीजेपी ने सभी को धोखा दिया है। अपमानित किया है। गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार हुआ है। इस बुलडोजर वाली सरकार को जनता अबकी वोटों का बुलडोजर चलाकर सत्ता से बाहर कर देगी।अखिलेश यादव ने बांदा के अमन हत्या काण्ड का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस दोषियों का नहीं पकड़ पाई है। क्योंकि दोषियों को बचाने वाले सरकार में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों को माफिया और अपराधी बताने वाले मुख्यमंत्री पर खुद तमाम गम्भीर मुकदमें हैं। यह पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने मुकदमें खुद वापस ले लिए हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने अपनी सरकार के समय किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। पूरे प्रदेश में विकास के कार्य को आगे बढ़ाया और सभी को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि इसी जोश और उत्साह के साथ जनता ने मतदान कर दिया तो भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी।


    जनसभा को सम्बोधित करते हुए महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा ने पिछड़ों के साथ धोखा दिया है। बीजेपी ने पिछले चुनाव में पिछड़े वर्ग को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था लेकिन अपमानित किया। मौर्य कुशवाहा और शाक्य समाज के साथ पूरे प्रदेश में अन्याय अत्याचार हुआ लेकिन भाजपा के किसी नेता ने आवाज नहीं उठाई।अखिलेश यादव ने महान दल को अपने साथ जोड़कर पूरे समाज को सम्मान दिया है। इस अवसर पर अपना दल (क) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने शोषित समाज को लहूलुहान किया है। 2014 से शोषित और वंचित समाज की दशा भाजपा सरकार ने बहुत खराब कर दी है।


    बांदा में जनसभा को अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद, महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य, एमएलसी आनन्द भदौरिया ने भी सम्बोधित किया और सन् 2022 के चुनावों में ‘साइकिल‘ को रफ्तार देकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।अखिलेश यादव आज 5वीं समाजवादी विजय रथ यात्रा पर बांदा पहुंचे। यहां से वे महोबा, ललितपुर, झांसी जाएंगे। आज बांदा में विशाल जनसभा को सम्बोधित करने के पश्चात वे सड़क मार्ग से सघन जनसम्पर्क करते हुए महोबा पहुंचे। वहां भी उनकी जनसभा हुई।  


    बांदा से शुरू हुई समाजवादी विजय रथ यात्रा को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह और जोश का माहौल रहा। बांदा के जीआईसी मैदान में लाखों की भींड उमड़ी। समाजवादी पार्टी और सहयोगी दलों के झंडे बैनर और टोपियां पहने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सुनने और देखने के लिए नौजवान, बुजुर्ग, महिलाएं और सभी वर्गो के लोग पहुंचे थे। सपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता के गगन भेदी और जोशीले नारों ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। भारी भीड़ देख उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेष यादव ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं, सहयोगी दलों और आम जनता का आभार जताते हुए रथ यात्रा में शामिल होने के लिए बधाई दी।[/responsivevoice]