महिला संरक्षण हमारे जीवन का आधार-स्मृति ईरानी

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री शोभा कंरदलाजे जी ने राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में शनिवार को सम्बोधित किया। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक, मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष गोदावरी मिश्रा ने भी कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया। 


भारत सरकार की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा आज लखनऊ में महिला शक्ति संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये राज्य और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और उत्थान से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बात की गयी।  महिलाओं से बात करते हुए उन्होंने कहा की एक मां अपने बच्चे को बतलाती है की एक वक्त की रोटी परिजनों में कैसे बांटना है, बिना द्वेष की भावना से जो सबसे कमजोर है उसको कैसे खिलाना है, ऐसी माताएं इस देश की मजबूत स्तम्भ हैं। साथ ही उन्होंने कहा की पहले इस राज्य में महिलाओं को सरेआम परेशान किया जाता था, उन्हें प्रताड़ित किया जाता था और विपक्षी पार्टी के नेता जी कहा करते थे की लड़के हैं गलती हो जाती है। उन्होंने महिलाओं को पूर्व सरकार के कार्यकाल कि याद दिलाते हुए कहा की वह डर जो केवल बेटी के लिए नहीं बल्कि मां के लिए भी अभिशाप बन जाता था, वह मां जो दरवाजे पर नजरें टिका कर रखती थी कि सूरज ढलने से पहले भगवान करे बेटी लौट आए और लौटे तो सम्मान से ही लौटे।          

    
उन्होंने कहा की महिला संरक्षण आज हमारी सरकार के लिए मात्र एक वाक्य नहीं बल्कि आज हमारे जीवन का आधार बन गया है। आज जब हम घर की दहलीज लांघते हैं तो कहीं ना कहीं खुद को और परिवार को यह विश्वास होता है की बेटी-बहू घर से निकली है तो सर उठा कर गई है, सर झुका कर नहीं आएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा एंटी रोमियो स्क्वाड के गठन पर बात करते हुए उन्होंने कहा की कुछ लोगों ने इसका उपहास किया लेकिन महिलाओं ने समझा और आज एंटी रोमियो स्क्वाड की मदद से प्रदेश में 10 हज़ार गिरफ्तारियां की गयी हैं और आज मनचले सलाखों के पीछे हैं। जिस प्रदेश में महिला के लिए दहलीज लांघना एक चुनौती हो जाती थी वहीं महिलाएं आज बैंक सखी बन गई हैं। प्रदेश की 55 हज़ार बहन बेटियां बैंक सखी बन कर समाज की सेवा में जुड़ी हुई है। 


कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा की जब कांग्रेस सत्ता में थी तो आप पर एहसान मढ़ती थी और भारतीय जनता पार्टी वह पार्टी है जो हाथ जोड़कर आप के प्रति आभार व्यक्त करती है।  50 साल से ऊपर एक ही परिवार का राज रहा लेकिन 5 लाख महिलाओं को टॉयलेट भी नहीं बनवा सके, जबकि मोदी जी के नेतृत्व में हमने राज्य में करोड़ों शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा दिया है।विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा की उनकी मंशा थी की जो गरीब है उसे गरीब रखो, क्योंकि अगर गरीब सशक्त हो जाएगा तो उनके सामने हाथ नहीं फैलाएगा।आगे उन्होने कहा कि हम पक्षपात भेदभाव की राजनीति नहीं राष्ट्र नीति के संकल्प के साथ विकास का कार्य करते हैं। क्योंकि प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि राष्ट्र हमारा है, इसलिए हमें इस राष्ट्र में सबका साथ-सबका विकास और सबका-विश्वास सुनिश्चित करना है और आज मैं उसी प्रयास से यहां आयी हूँ।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा की मैं बस यह निवेदन कर सकती हूं कि भगवान ना करें कि उत्तर प्रदेश में किसी बेटी का दुपट्टा फिर से उछाला जाये, प्रदेश का हर दुपट्टा और सुहाग सुरक्षित रहे। कार्यक्रम का संयोजन महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कल्पना तिवारी, संचालन महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री उषा मौर्या ने किया। मंच व्यवस्था में रेशु भाटिया, स्वर्णिमा सिंह, कुमकुम निगम, अर्पण गुप्ता शामिल रही।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button