भाजपा की होगी ऐतिहासिक हार ..!

राजेन्द्र चौधरी

सपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश पिछड़ गया है। सबका काम छिन गया है। किसान को धान की कीमत नहीं मिली। नौजवान के पास रोजगार नहीं है। बिजली कारखाने नहीं लगे। भाजपाई जीप चढ़ाते है और जीभ चलाते हैं। अंग्रेज बांटो और राज करो की नीति पर चलते थे भाजपाई डराकर कर रहे हैं। जनता इनको पहचान गई है। जनता बदलाव चाहती है। सन् 2022 के चुनावों में जनता भाजपा का सफाया करेगी। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से अपील थी कि वह भाजपा के खिलाफ मतदान करे, भाजपा की इस बार ऐसी ऐतिहासिक हार होगी जिसका उन्हें अंदाज भी नहीं होगी।


    अखिलेश यादव आज हरदोई जनपद में महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के 15वां मूर्ति स्थापना दिवस समारोह पर सण्डीला के सागरगढ़ी झावर मैदान में आयोजित भागीदारी संकल्प मोर्चा की विशाल रैली को सम्बोधित कर रहे थे। इस रैली की अध्यक्षता सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश राजभर ने की। श्री राजभर ने जनता से श्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्प लेकर जाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के तमाम वर्गों को समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मदद दी जाएगी।

भूल हुई या नई चाल? 
जिन्ना के बाद प्रयागराज को इलाहाबाद लिखकर अखिलेश यादव फिर से चर्चा में हैं। सवाल उठ रहा है कि अखिलेश यादव ने ये भूल से लिख दिया है या जानबूझकर इलाहाबाद लिखा है। राजनीतिक जानकार और वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव कहते हैं, ‘ये पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने इस तरह के बयान दिए हों। वह उन तमाम नामों का विरोध करते आए हैं, जिसे योगी सरकार में बदला गया है। इस वक्त भी प्रयागराज को इलाहाबाद लिखकर एक खास वर्ग का वोट पाने की चाल हो सकती है।’


अखिलेश ने रैली में भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज जिसका ‘शिलान्यास’ होगा, कल उसको बेचने का प्रयास होगा। भाजपा की सोच में भेदभाव और काम बंटाधार है। उन्होंने कहा कि ‘यही नारा आज का, नहीं चाहिए भाजपा’।अखिलेश ने जिन्ना के नाम पर विवाद के बाद, अब सियासत में कलाम की एंट्री भी कर दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि हमसे कलाम साहब ने कहा था कि बिजली घर बनाओ, हमने बनाया और इनसे उद्घाटन कराया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग जो काम बड़े शान से गिना रहे हैं, वो समाजवादी पार्टी 5 साल पहले कर चुकी है। इन्होंने एयरफोर्स के विमान आज उतारे हम 5 साल पहले उतार चुके हैं। वो कहते हैं एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे।

ये एयरपोर्ट तो बनेगा सरकारी धन से लेकिन बेच दिया जाएगा। ये एयरपोर्ट बेचने के लिए बन रहा है। अखिलेश ने कहा कि अभी हम कोई योजना की घोषणा नहीं करेंगे। नहीं तो बीजेपी के लोग कॉपी कर लेंगे। ये सरकार हमारी कॉपी करती है।

अखिलेश ने कहा कि आज गरीब नमक-रोटी खा रहे हैं। 2022 में उत्तर प्रदेश में बदलाव होगा। किसानों की आय अभी तक दोगुनी नहीं हुई है। लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। प्रदेश में किसान को धान की सही कीमत नहीं मिली है। इस सरकार के राज में उत्तर प्रदेश पिछड़ गया है। लेकिन अब भाजपा का प्रदेश में सफाया होने जा रहा है। यूपी में लोगों के कारोबार ठप हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं।

  अखिलेश यादव ने कहा कि किसान की आय दुगनी नहीं हुई। धान बेचने में उसकी जान तक चली गई। लखीमपुर की घटना जलियांवाला बाग हत्याकाण्ड की तरह है। इलाहाबाद में एक परिवार में 4 लोग मारे गए। परिवार न्याय के लिए भागता रहा, सरकार से न्याय नहीं मिला। 30 नवम्बर को हम हाथरस की बेटी की याद करेंगे। उन्होंने कहा सण्डीला अपने लड्डुओं के लिए मशहूर था, वह कारोबार भी बंद हो गया है। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। भाजपा वाले समाजवादियों के काम से अपना काम चला रहे है। कोरोना काल में लोगों को भाजपा सरकार ने अनाथ छोड़ दिया था। तब समाजवादी सरकार में बनी 108 एम्बूलेंस सेवा ही काम आई। डायल 100 का नाम बदला गया तो पुलिस भी बदल गई। पुलिस को सबसे ज्यादा मदद भी समाजवादी सरकार में मिली थी। महंगाई की मार से लोग त्रस्त हैं। भाजपा सरकार जातीय जनगणना से भाग रही है। समाजवादी सरकार गिनती कराकर आबादी के हिसाब से भागीदारी और सम्मान देंगे।


   रैली में सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय समिति रिपोर्ट लागू करानी है। 2022 में अखिलेश को सीएम बनाना है। बीजेपी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। पुलिस विभाग में भी साप्ताहिक छुट्टी नहीं दी जा रही है। अखिलेश सरकार में पुरानी पेंशन बहाल होगी। समाजवादी सरकार बनने पर गम्भीर बीमारियों का मुफ्त इलाज होगा। मुफ्त विशेष खाद्यान्न योजना प्रारम्भ की जाएगी। 1500 रूपए माताओं-बहनों के एकाउण्ट में जाएगा। भाजपा सरकार जेवर में जो एयरपोर्ट बना रही है, वह बेचने के इरादे से बनाया जा रहा हैं समाजवादी लोग दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाएंगे।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जिस रास्ते से अपनी सरकार बनाई उस रास्ते को हम बंद कर रहे हैं। किसान, नौजवान सभी मिलकर भाजपा को सबक सिखाएंगे। पष्चिम बंगाल में ‘खेला होबे‘ का नारा था उत्तर प्रदेश में सन्2022 के चुनावों में भाजपा के लिए ‘खदेड़ा होबे‘ का नारा है।अखिलेश यादव के समक्ष पूर्व विधायक अनिल वर्मा एवं श्री सत्य नारायण ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।इस अवसर पर डॉ0 राजपाल कश्यप, ऊषा वर्मा, बाबू रामपाल, जितेन्द्र वर्मा जीतू, राममूर्ति अर्कवंशी, प्रेमचन्द्र प्रजापति, अरविंद राजभर, गया प्रसाद राजवंशी, बाबू खां, घनश्याम अर्कवंशी,अभिषेक दीक्षित एवं अश्विनी पटेल आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय है।
                               

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button