Sunday, May 24, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश तीसरी लहर के नियंत्रित होने तक परिषदीय स्कूलों में ऑनलाइन क्लास

तीसरी लहर के नियंत्रित होने तक परिषदीय स्कूलों में ऑनलाइन क्लास

279

लखनऊप्रदेश में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर नियंत्रित होने तक कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में ऑनलाइन क्लास के जरिये ही पढ़ाई कराने का विचार है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर बच्चों के लिए ज्यादा घातक होने की आशंकाओं के चलते बेसिक शिक्षा विभाग में ऑनलाइन क्लास के विकल्प को ही जारी रखने की योजना बनाई जा रही है।

विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिस तरह से वैज्ञानिक और देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान कोरोना की तीसरी लहर जुलाई से सितंबर तक रहने और उसे बच्चों के लिए ज्यादा घातक होने की बात कर रहे हैं उसके मद्देनजर स्कूलों को खोलना जोखिम भरा हो सकता है। उनका कहना है कि हालांकि विभाग इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से भी परामर्श लेगा। उनके परामर्श के बाद मुख्यमंत्री से अनुमति ली जाएगी। लेकिन, उच्च स्तर पर कोरोना की तीसरी लहर नियंत्रित होने के बाद ही स्कूलों को खोलने की सैद्धांतिक सहमति बनी है। विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने बताया कि ऑनलाइन क्लास ही जारी रहेगी।

गृह और चिकित्सा विभाग की सहमति के बाद होंगी बोर्ड व यूनिवर्सिटी परीक्षा माध्यमिक शिक्षा परिषद और यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं के लिए गृह और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से भी सहमति ली जाएगी। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड और यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी आवश्यक है। प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को भी संबंधित स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए पुलिस बल की आवश्यकता रहती है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम की तैनाती भी आवश्यक है ताकि किसी भी परीक्षार्थी, शिक्षक या कर्मचारी में लक्षण दिखने पर या उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए गृह और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से भी सहमति ली जाएगी।