वाराणसी। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शुक्रवार को वाराणसी में काशी तमिल संगमम्-5.0 का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत विरासत को जोड़ने वाली इस पहल को भारत की एकता, सांस्कृतिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त प्रतीक बताया गया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रारम्भ हुआ काशी तमिल संगमम् आज एक महान राष्ट्रीय आन्दोलन का रूप ले चुका है। काशी और तमिलनाडु के बीच संबंध अत्यंत प्राचीन और आत्मीय हैं। तमिल भाषी समाज के मन में काशी विश्वनाथ के दर्शन और काशी यात्रा की विशेष अभिलाषा सदैव रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी के बदले स्वरूप और उत्तर प्रदेश के अभूतपूर्व विकास की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश आज देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और निर्धारित समय से पहले एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
भाषाएं अनेक, भाव एक—सनातन संस्कृति का उत्सव बना संगमम्
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी तमिल संगमम् भारत की सनातन परंपरा का उत्सव बन चुका है। यहां भाषाएं अलग-अलग हैं, लेकिन भाव एक हैं; परंपराएं विविध हैं, लेकिन संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का मूल लक्ष्य है। वर्ष 2022 में एक प्रयोग के रूप में प्रारम्भ हुआ काशी तमिल संगमम् आज सांस्कृतिक आन्दोलन बन चुका है। पहले जहां सैकड़ों अतिथि आते थे, वहीं अब हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं। यह आयोजन हमें याद दिलाता है कि राष्ट्र केवल नक्शे से नहीं, बल्कि उन पुलों से बनता है जो हृदय को हृदय से जोड़ते हैं। काशी में गंगा और तमिलनाडु में कावेरी भले ही अलग-अलग धाराएं हों, लेकिन दोनों के तटों पर बहने वाले संस्कारों की धारा एक ही है। संगमम् के पांचों संस्करण ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त उदाहरण हैं।
तिरुक्कुरल के ज्ञान और जीवन मूल्यों से जुड़ेगा नया संस्करण
काशी तमिल संगमम्-5.0 की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ अर्थात ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इस संस्करण के माध्यम से तमिल की कालजयी ज्ञान परंपरा, जीवन मूल्यों और संत तिरुवल्लुवर के दर्शन से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान संत तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल के सभी 1,330 दोहों के अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरुक्कुरल के अरम, पोरुल और इनबम अर्थात धर्म, अर्थ और काम के तीन खंड भारतीय सनातन चिंतन के मूल आधारों से जुड़े हैं।
उन्होंने संत तिरुवल्लुवर के समानता और कर्म आधारित विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जन्म से सभी समान हैं, भेद केवल कर्म से होता है। यह चिंतन भारतीय शास्त्रों, श्रीमद्भगवद्गीता और सामाजिक न्याय के महान विचारों में भी दिखाई देता है।
काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना
मुख्यमंत्री ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि महर्षि अगस्त्य, आदि शंकराचार्य, रामानुजाचार्य, संत कुमारगुरुपरर और महाकवि सुब्रमण्य भारती जैसी विभूतियों ने भारत की सांस्कृतिक एकात्मता को मजबूत किया। तमिलनाडु में ‘तेन काशी’ अर्थात दक्षिण की काशी इस आत्मीय संबंध का जीवंत प्रमाण है। तमिल समाज के नट्टूकोट्टई चेट्टियार समुदाय द्वारा लगभग 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ के पूजन की सामग्री पहुंचाने की परंपरा भी दोनों क्षेत्रों के गहरे संबंधों को दर्शाती है। काशी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट पर आज भी तमिल संस्कृति की जीवंत उपस्थिति दिखाई देती है।
काशी के विकास से आस्था के साथ आजीविका को भी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अविनाशी काशी का स्वरूप बदल रहा है। काशी विश्वनाथ धाम आज भव्य, दिव्य और सुगम स्वरूप में दुनिया के सामने है। धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। इनमें लगभग 70 प्रतिशत श्रद्धालु दक्षिण भारत से आए।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने काशी की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति दी है। अनुमान है कि इससे 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है। नाविकों, पुजारियों, दुकानदारों, गाइडों, होटल कर्मियों और स्थानीय परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। काशी में एयरपोर्ट विस्तार, रिंग रोड, फ्लाईओवर, नमो घाट, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना जैसे कार्य शहर के आधुनिक विकास को नई पहचान दे रहे हैं।
चार स्तम्भों पर वैश्विक काशी के निर्माण का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी को ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था के चार स्तंभों पर वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीएचयू और आईआईटी मद्रास के माध्यम से ज्ञान की साझेदारी, काशी-प्रयागराज-अयोध्या का आध्यात्मिक सर्किट, पांच माध्यमों से कनेक्टिविटी तथा हेरिटेज और पर्यटन के जरिए आर्थिक विकास इस दिशा के प्रमुख आधार हैं।
काशी तमिल संगमम्-5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान तमिलनाडु से लगभग 1,400 अतिथि काशी आएंगे तथा प्रयागराज और अयोध्या का भी भ्रमण करेंगे। करीब 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों को राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम से जोड़कर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के अध्ययन, शोध और प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा।
कार्यक्रम से पूर्व उपराष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। काशी तमिल संगमम्-5.0 एक बार फिर यह संदेश दे रहा है कि भारत की विविध भाषाएं, परंपराएं और क्षेत्रीय संस्कृतियां उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। गंगा से कावेरी तक सांस्कृतिक एकात्मता का यह संगम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।



