नशे में युवा पीढ़ी और तमाशबीन समाज 

नशे की गिरफ्त में फँसती युवा पीढ़ी और सब कुछ देखकर भी खामोश तमाशबीन समाज—यह तस्वीर हमारे भविष्य के लिए गंभीर चेतावनी है। सवाल है, जब युवा बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं, तो समाज कब जागेगा?

डॉ.प्रियंका सौरभ 

वायरल वीडियो ने रिश्तों की सच्चाई, युवाओं की बदलती जीवनशैली, अभिभावकों की जिम्मेदारी और सोशल मीडिया की गिरती संवेदनशीलता पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। आखिर बच्चों को आजादी देने के नाम पर हमने उन्हें अकेला तो नहीं छोड़ दिया? आज मोबाइल फोन केवल संवाद का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज का चलता-फिरता कैमरा, अदालत और चरित्र प्रमाणपत्र बांटने वाली मशीन बन चुका है। कहीं किसी का झगड़ा कैद हो रहा है, कहीं किसी की निजी जिंदगी सार्वजनिक की जा रही है और कहीं किसी की मजबूरी को मनोरंजन बनाकर लाखों लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। नशे की हालत में दिखाई देने वाली एक युवती का कथित वायरल वीडियो भी इसी सामाजिक मानसिकता का आईना है। वीडियो के साथ तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। कोई इसे प्रेम में धोखे की कहानी बता रहा है, कोई दो युवकों के व्यवहार पर सवाल उठा रहा है और कोई इसे नई पीढ़ी के संस्कारों से जोड़ रहा है। लेकिन वीडियो की वास्तविकता, स्थान और परिस्थितियों की पुष्टि के बिना किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। फिर भी इस घटनाक्रम ने समाज के सामने कुछ ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनसे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवा पीढ़ी स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच का अंतर क्यों भूलती जा रही है? आजादी का अर्थ अपनी जिंदगी के फैसले लेना है, न कि अपने विवेक को नशे के हवाले कर देना। आधुनिक कपड़े पहनना, दोस्तों के साथ घूमना, दूसरे शहर में पढ़ना या अपनी पसंद से जीवन जीना किसी समस्या का कारण नहीं है। समस्या तब शुरू होती है, जब स्वतंत्रता के नाम पर जिम्मेदारियों को बोझ समझ लिया जाता है। शराब को आधुनिकता, नशे को मस्ती और लापरवाही को बेफिक्री बताने वाली मानसिकता युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

विडंबना देखिए कि जिस उम्र में युवाओं के हाथों में किताबें, हुनर और सपने होने चाहिए, उसी उम्र में कुछ लोगों के लिए शराब की बोतलें और सोशल मीडिया की रीलें प्रतिष्ठा का माध्यम बनती जा रही हैं। पार्टी में किसने कितना पिया, किसने कितनी देर तक मस्ती की और किसका वीडियो कितना वायरल हुआ, यह सब उपलब्धि की तरह प्रस्तुत किया जाता है। क्या यही आधुनिकता है? क्या नशे में अपनी सुध-बुध खो देना आत्मनिर्भरता का प्रमाण है? जो व्यक्ति अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकता, वह जीवन की बड़ी जिम्मेदारियों को कैसे संभालेगा?

इस पूरे मामले का एक और चिंताजनक पहलू मित्रता की बदलती परिभाषा है। वीडियो के बारे में दावा किया जा रहा है कि एक युवक युवती को सुरक्षित ले जाने का प्रयास कर रहा था, जबकि दूसरा उसे और शराब देने के लिए उकसा रहा था। यदि यह दावा सही है तो यह केवल दो युवकों के व्यवहार का अंतर नहीं, बल्कि मित्रता और मानवीयता के बीच का अंतर है। दोस्त वह नहीं जो आपकी कमजोरी का फायदा उठाए, बल्कि वह है जो आपकी गलती के समय आपको संभाले। जो व्यक्ति नशे में डूबे साथी को और नशा करने के लिए प्रेरित करता है, वह मित्र नहीं, संकट का कारण है। हालांकि, वास्तविक घटना की पुष्टि के बिना वीडियो में मौजूद किसी व्यक्ति के इरादों पर अंतिम टिप्पणी नहीं की जा सकती।

लेकिन सवाल केवल युवाओं का नहीं है। उन अभिभावकों से भी पूछना होगा जो बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देने के लिए अपनी पूरी कमाई लगा देते हैं, लेकिन उनके जीवन की वास्तविक परिस्थितियों से अनजान रह जाते हैं। गांव और छोटे शहरों से बच्चे बड़े शहरों में पढ़ने जाते हैं। माता-पिता फीस भरते हैं, हॉस्टल का किराया देते हैं, जेब खर्च भेजते हैं और उम्मीद करते हैं कि उनका बच्चा डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी या सफल नागरिक बनेगा। लेकिन क्या कभी वे यह जानने का प्रयास करते हैं कि बच्चा किन लोगों के साथ रहता है, उसका मानसिक संसार कैसा है और वह किस तरह के दबावों से गुजर रहा है?

यहां अभिभावकों को भी आत्ममंथन करना होगा। केवल सुबह-शाम फोन करके खाना खाने और पढ़ाई करने का सवाल पूछ लेना जिम्मेदारी पूरी करना नहीं है। बच्चों के जीवन में भावनात्मक उपस्थिति भी जरूरी है। कई घरों में बच्चों से अच्छे अंक लाने, प्रतियोगिता जीतने और नौकरी हासिल करने की अपेक्षा तो बहुत होती है, लेकिन उनकी परेशानियां सुनने का समय नहीं होता। माता-पिता को समझना होगा कि बच्चों को महंगी शिक्षा के साथ सही दिशा और भरोसे की भी जरूरत है।

हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं कि हर घर से दूर पढ़ने वाला विद्यार्थी गलत रास्ते पर है। हजारों-लाखों युवा कठिन परिस्थितियों में रहकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। कुछ वायरल दृश्यों के आधार पर पूरी पीढ़ी को बिगड़ा हुआ घोषित करना भी उसी अज्ञानता का परिचय है, जिसके कारण समाज वास्तविक समस्याओं को समझने में असफल रहता है। लेकिन युवाओं को भी यह समझना होगा कि घर से दूर रहने का अर्थ जिम्मेदारियों से दूर होना नहीं है। माता-पिता का विश्वास कोई ऐसा कर्ज नहीं है, जिसे केवल पैसे भेजकर चुकाया जा सके।

सबसे शर्मनाक स्थिति तब पैदा होती है, जब किसी व्यक्ति की असहाय अवस्था को देखकर मदद करने के बजाय मोबाइल निकाल लिया जाता है। किसी को संभालने से पहले उसका वीडियो बनाया जाता है। उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने से पहले यह सोचा जाता है कि वीडियो कितने लोगों तक पहुंचेगा। समाज को बताना होगा कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं? क्या अब इंसान की परेशानी भी कंटेंट बन चुकी है? यदि कोई युवती या युवक नशे की हालत में है तो सबसे पहले उसकी सुरक्षा, चिकित्सा और सम्मान सुनिश्चित होना चाहिए। उसका वीडियो वायरल करके उसे जीवनभर के लिए अपमानित करना कोई सामाजिक सुधार नहीं है।

महिलाओं के मामले में समाज का दोहरा चरित्र और अधिक उजागर होता है। किसी महिला की निजी जिंदगी सामने आते ही उसके चरित्र पर पंचायत बैठ जाती है। उसके कपड़े, मित्रता, संबंध और व्यवहार पर फैसला सुनाने वाले लोग यह भूल जाते हैं कि किसी भी परिस्थिति में उसकी गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि कोई महिला गलत निर्णय लेती है तो उससे असहमति हो सकती है, लेकिन उसे अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं मिलता। पुरुषों की जिम्मेदारी पर भी उतनी ही कठोरता से सवाल उठने चाहिए जितने महिलाओं के व्यवहार पर उठाए जाते हैं।

सोशल मीडिया ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। आज किसी का वीडियो वायरल करने वाला व्यक्ति स्वयं को पत्रकार समझने लगता है। बिना तथ्य जांचे आरोप लगाने वाले लोग न्यायाधीश बन जाते हैं और टिप्पणी करने वाले नैतिकता के ठेकेदार। जबकि उन्हें यह भी मालूम नहीं होता कि वीडियो कब का है, कहां का है और उसके पीछे की कहानी क्या है। ऐसी सामग्री को साझा करने से किसी की प्रतिष्ठा, मानसिक स्थिति और भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसलिए वीडियो की सत्यता की जांच और निजी गरिमा की रक्षा दोनों जरूरी हैं।

शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी भी केवल दाखिला देने और परीक्षा करवाने तक सीमित नहीं हो सकती। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में नशे के दुष्परिणाम, मानसिक स्वास्थ्य, साइबर अपराध, सुरक्षित संबंधों और जीवन कौशल पर गंभीर संवाद होना चाहिए। हॉस्टल और पीजी संचालकों को भी विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। संकट की स्थिति में शिकायत और सहायता की व्यवस्था केवल कागजों में नहीं, व्यवहार में दिखाई देनी चाहिए।

अब समय आ गया है कि अभिभावक बच्चों के मित्र बनें, युवा स्वतंत्रता के साथ अनुशासन सीखें और समाज तमाशबीन बनने के बजाय जिम्मेदार बने। नशे को फैशन समझने वालों को यह जानना होगा कि बोतल में आधुनिकता नहीं, केवल जोखिम है। रिश्तों को खेल समझने वालों को समझना होगा कि विश्वास टूटने की कीमत केवल दो व्यक्तियों को नहीं, कई परिवारों को चुकानी पड़ती है। और वीडियो वायरल करने वालों को समझना होगा कि किसी की बदनामी से समाज का सुधार नहीं होता।

सबसे बड़ा संकट यह नहीं कि एक वीडियो वायरल हो गया, बल्कि यह है कि किसी की जिंदगी बिखरती दिखाई दे तो समाज मदद के लिए हाथ बढ़ाने के बजाय मोबाइल का कैमरा चालू कर देता है। हमें ऐसी पीढ़ी नहीं चाहिए जो केवल तकनीक में आधुनिक हो, बल्कि ऐसी पीढ़ी चाहिए जो विचारों में परिपक्व, व्यवहार में जिम्मेदार और संकट में इंसानियत निभाने वाली हो। क्योंकि जिस समाज में तमाशा देखने वालों की भीड़ बढ़ जाए और मदद करने वाले हाथ कम पड़ जाएं, वहां समस्या केवल युवा पीढ़ी में नहीं, पूरे समाज के चरित्र में है।

Related Articles

Back to top button