बायोडिग्रेडेबल विकल्प उपलब्ध कराए बिना सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण रोक संभव नहीं

बायोडिग्रेडेबल विकल्प उपलब्ध कराए बिना सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण रोक संभव नहीं : अमरनाथ मिश्र

सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर नियंत्रण तभी संभव है जब नागरिक मिलकर करेंगे व्यवहारिक समाधान: रवींद्र सिंह

राकेश यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं लखनऊ व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा उसके व्यवहारिक विकल्पों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में मुख्य पर्यावरण अधिकारी प्रवीण कुमार एवं क्षेत्रीय अधिकारी जे.पी. मौर्य भी उपस्थित रहे। लखनऊ व्यापार मंडल का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने किया।

बैठक में व्यवहारिक समाधान अपनाएँ। वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कम कीमत पर उपलब्ध प्लास्टिक की पानी की बोतलों एवं ठेला-रेहड़ी संचालकों द्वारा इनके अत्यधिक उपयोग के कारण प्लास्टिक का प्रयोग लगातार बढ़ रहा है। महामंत्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि चंदननगर आलमबाग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने सिंगल यूज़ पॉलिथीन का पूर्ण बहिष्कार कर चाय कुल्हड़ में देना शुरू किया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे बाजार में देखने को मिल रहा है। कोषाध्यक्ष सुहेल हैदर अल्वी ने कहा कि फर्नीचर पैकिंग में प्रयुक्त प्लास्टिक को 75 माइक्रोन मानक के अनुरूप करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उपयुक्त विकल्प उपलब्ध न होने के कारण कठिनाइयाँ बनी हुई हैं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में अमरनाथ मिश्र ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक चाहती है तो सबसे पहले बायोडिग्रेडेबल उत्पादों के निर्माण को प्रोत्साहन देना होगा। इसके लिए उत्पादन इकाइयों को सब्सिडी, जीएसटी में रियायत तथा कच्चा माल सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को किफायती विकल्प मिल सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि केवल विक्रेता ही नहीं, बल्कि क्रेता की भी जवाबदेही तय की जाए। साथ ही जीएसटी विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, फूड सेफ्टी विभाग, पुलिस एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम गठित कर नियमित अभियान चलाया जाए तथा बाहर से आने वाली प्रतिबंधित सिंगल यूज़ पॉलिथीन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। बैठक के समापन पर डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने आश्वासन दिया कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अगले एक माह तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा।

Related Articles

Back to top button