
कुलदीप वर्मा
रुदौली (अयोध्या)। मवई क्षेत्र के बी.पी. मवई पेट्रोल पंप पर गुरुवार को डीजल और पेट्रोल लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर छोटे और मध्यम वर्ग के किसान ईंधन के अभाव में काफी परेशान नजर आए। गन्ने की सिंचाई के लिए डीजल पर निर्भर किसान सुबह से ही अपने डिब्बे लेकर पेट्रोल पंपों के चक्कर काटते रहे, लेकिन नाजिल मैन ने कहा कि डिब्बे में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा इन्ही कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि संजीत कुमार किसान पंप सेट लेकर सीधे पेट्रोल पंप पर पहुंच गए, ताकि जैसे ही ईंधन मिले, तुरंत अपनी जरूरत पूरी कर सकें। स्थानीय किसान संजीत कुमार ने बताया कि समय पर डीजल न मिलने से उनकी फसल प्रभावित हो रही है। “हम लोग खेतों की सिंचाई के लिए पूरी तरह डीजल पर निर्भर हैं। अगर समय पर डीजल नहीं मिला, तो फसल सूखने का खतरा बढ़ जाएगा,” उन्होंने चिंता व्यक्त की।
एक ओर राज्य सरकार द्वारा बार-बार यह दावा किया जा रहा है कि प्रदेश में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भीड़ और लंबी कतारें आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और पेट्रोल पंपों पर ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो किसानों के सामने सिंचाई, और गेहूं मडाई संकट गहराने के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है।























