
हम सब अजनबी बनकर मिले, लेकिन आज का मर्म परिवार जैसा। कोटा ग्लोबल स्कूल में हंसी, खुशी और भावनाओं के संग सजी विदाई की शाम। जूनियर्स छात्राओं ने दी सीनियर्स को यादगार विदाई।
अजय सिंह
लखनऊ/गाजीपुर। सीनियर विदाई समारोह में झलकी भावनाएं, यादगार बना हर पल नन्दगंज क्षेत्र के बाघी स्थित द कोटा ग्लोबल स्कूल में जूनियर विद्यार्थियों द्वारा सीनियर छात्रों के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह भावनाओं, उल्लास और आत्मीयता से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन अभय नाथ यादव एवं प्रिंसिपल पुनीता सिंह खुश्बू ने फीता काटकर तथा भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, पूरे परिसर में उत्साह और अपनापन साफ झलकने लगा। प्रिंसिपल पुनीता सिंह खुश्बू ने अपने संबोधन में कहा कि “हर विदाई अंत नहीं होती, बल्कि यह एक नए सफर की शुरुआत होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के अगले पड़ाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्कूल में बिताया गया समय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह रिश्तों, अनुभवों और सीखों का अनमोल खजाना होता है।
उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि “हम सब अजनबी बनकर आए थे, लेकिन आज एक परिवार बन चुके हैं।”समारोह में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हंसी-मजाक, खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार संगम देखने को मिला। रंगारंग कार्यक्रमों ने माहौल को जीवंत बना दिया और हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी। कभी हंसी के ठहाके गूंजे तो कभी भावुक पलों ने सभी की आंखें नम कर दीं। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन, उनका स्नेह और सहयोग जीवनभर उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि “कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी हमारे लिए केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हमारा दूसरा घर है।” हालांकि यह पारंपरिक विदाई नहीं थी, क्योंकि सभी छात्र 10वीं से 11वीं कक्षा में प्रोन्नत हो रहे हैं, फिर भी इस पल में एक अलग ही भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला। छात्रों ने कहा कि 10वीं कक्षा की यादें हमेशा उनके दिलों में जीवित रहेंगी।
कार्यक्रम में प्रबंधक सुजीत (साइकिल), वाइस प्रिंसिपल अंकित सांगवान, को-ऑर्डिनेटर मनोज यादव, शालिनी पाण्डेय, सुनीता सिंह, अनिता राय, अरविंद दुबे, ऐश्वर्या श्रीवास्तव, प्रगति पाण्डेय, रीना चौधरी, रुकय्या, इन्द्रबाला यादव, पूजा, सुनीता यादव, शिवमोहन सिंह, ललित उपाध्यक्ष, शुभम कुमार सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के अंत में वातावरण में एक अनोखा मिश्रण था—खुशी का, यादों का और भविष्य की उम्मीदों का। यह विदाई समारोह न केवल एक कार्यक्रम रहा, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की उन यादगार लम्हों में शामिल हो गया, जिन्हें वे जीवनभर संजोकर रखेंगे।






















